Showing posts with label अन्तर्पाठ-9 / बलराम अग्रवाल की लघुकथा 'मन अनन्त में'. Show all posts
Showing posts with label अन्तर्पाठ-9 / बलराम अग्रवाल की लघुकथा 'मन अनन्त में'. Show all posts

Saturday, 28 November 2026

लघुकथाओं का अन्तर्पाठ-9 / अरुण डनायक

भारतीय स्टेट बैंक में सतर्कता विभाग के सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त श्री अरुण डनायक जी साहित्य और साहित्यकार दोनों से भी जुड़े रहे हैं। वह म॰ प्र॰ की राजधानी भोपाल में रहते हैं और इन दिनों

अरुण डनायक
डॉ॰ अशोक भाटिया द्वारा सम्पादित लघुकथा संकलन 'कथा समय' से स्वयं द्वारा चुनी हुई 'लघुकथाओं का पाठकीय आलोचनात्मक अन्तर्पाठ' प्रस्तुत कर रहे हैं। यह उनकी सदाशयता ही है कि एक उच्च स्तरीय अन्तर्पाठ को वह 'पाठकीय' ही बता रहे हैं, स्वयं को लघुकथा आलोचना के शिखर पर बैठाने का दावा नहीं कर रहे। मुझे अभी तक उनकी ओर से जिन दो लघुकथाओं का अन्तर्पाठ वाट्सएप पर मिला है, उनमें से पहला यहाँ पाठकों, लेखकों और आलोचकों, सभी के अवलोकनार्थ दिया जा रहा है। जैसे-जैसे अन्य अन्तर्पाठ प्राप्त होंगे, उन्हें एक शृंखला के रूप में शनै: शनै: यहाँ दिया जाता रहेगा। नौवीं कड़ी के रुप में प्रस्तुत है, बलराम अग्रवाल की लघुकथा 'मन अनन्त में' तथा उसका अन्तर्पाठ :

मन अनन्त में 

“अम्माजी के बाद एकदम से बदल गए हैं बाबूजी। जहाँ बैठे हैं—बैठे रहेंगे, खड़े हैं...खड़े रहेंगे। देखना शुरू करेंगे तो हवा में पता नहीं कहाँ—देखे ही जाएँगे, एकटक। चिड़चिड़े इतने हो गए हैं कि किसी का बोलना तक बुरा लगने लगा है।”

खाना खाने को बैठे तपेन्द्र की थाली में रोटियाँ रखकर रोमा कुर्सी खिसकाकर पास ही बैठ गई; बोली, “बाहर जाएँगे तो पता नहीं किधर निकल जाएँगे। मैं तो उनसे कहूँ क्या...तुम हो कि दोस्तों से फुर्सत नहीं। सुबह-शाम कुछ देर उनके पास बैठ लिया करो। यार-दोस्त कहीं नहीं जानेवाले तुम्हें छोड़कर...दुःखी बाप को कुछ हो गया तो जिन्दगीभर का पछतावा...।”

“अब चुप भी कर।” हाथ में पकड़े कौर को मुँह में रखते-रखते तपेन्द्र बिगड़ उठा, “इधर से रोटियाँ रखती है, उधर से भेजा खाने लगती है...बेवकूफ कहीं की।”

“बेवकूफ तो मैं हूँ ही। दिनभर उन्हें देखती जो रहती हूँ।” रोमा बोली, “महीनेभर में ही कितने दुबले हो गए हैं, नजरें उठाकर उनकी ओर देखा है कभी?”

“नया-नया सुख और नया-नया दुःख आदमी के चेहरे पर गहरा दिखाई देता है।” वह पूर्व अन्दाज में बोला, “माँ को मरे महीनाभर ही हुआ है ना...धीरे-धीरे वह खुद नॉर्मल हो जाएँगे। जैसा चल रहा है, देखती जा, बस।”

रोमा ने आश्चर्यचकित होकर पति की ओर देखा। अभी तक उसे वह एक कठोर-हृदय व्यक्ति समझती थी लेकिन आज की बातों से तो वह हृदयहीन ही सिद्ध होता है।

“तुम समझते क्यों नहीं उनका दुःख...।” वह क्षुब्ध स्वर में बोली।

“दुःख!” वह तीखी हँसी हँसा, “कोई किसी के साथ जाता है क्या?”

“जाता है, साथ भी जाता है...।” कमरे के बाहर से बाबूजी का उग्र स्वर सुनकर अचानक वह बुरी तरह चौंक गया। अगले ही पल कमरे के भीतर भी घुस आए वह। उन्होंने घूरकर तपेन्द्र को देखा। आवेश के कारण उनका बदन काँपने-सा लगा था। ज्यादा देर तक खड़े न रह सके, जमीन पर ही बैठ गए। रोमा तो घबरा ही गई उनकी यह हालत देखकर। वह लपकी लेकिन हाथ के इशारे से उन्होंने उसे वहीं रुक जाने को कह दिया।

“एक के न रहने पर दूसरा उसके साथ चला जाता है बेटे।” कुछ देर बाद उन्होंने पुनः बोलना शुरू किया, “मुझे दुःख है कि परस्पर प्रेम और लगाव की वैसी जिन्दगी तूने नहीं जी।...यह सब-कुछ देख रहा है न—यह मकान, यह टी.वी., रेडियो, यह कूलर, यह फ्रिज...और यह डिनर टेबल जिस पर बैठकर तू इत्मीनान के साथ खा-पी रहा है—कुछ नहीं था जब तेरी माँ और मैं इस शहर में आए थे। ...तू तो पेट तक में नहीं था...घर में सम्पत्ति-बँटवारे के झगड़े के कारण चार चपातियाँ तक साथ नहीं लाए थे हम...।”

“बाबूजी...आप उठकर बिस्तर पर बैठ जाइए बाबूजी।” उनके पास पहुँचकर रोमा हठात् उन्हें उठाती हुई बोली।

“नहीं...सुख के दिन अब नहीं रहे बेटी।” रोमा के हाथों से अपनी बाँह को छुड़ाते हुए वह जोर से रो पड़े, ‘‘अपनी जिन्दगी के पेज हमने कभी खोले नहीं किसी के आगे...लेकिन आज उन्हें बाँच लेने दे।...रात के दो बजे हम रेल से उतरे। शहर से कोसों दूर जंगली इलाके में था स्टेशन। शहर भी आज जितना असीम नहीं, सिमटा हुआ था, कछुए की तरह। बेहद खौफ और वीरानगी के बीच, एक लोई में खुद को लपेटे रातभर हम प्लेट-फार्म पर बैठे रहे। स्टेशन मास्टर भला आदमी

था...बातचीत करके सवेरे अपने दफ्तर का एक कोना उसने हमें दे दिया, बोला कि कहीं और इन्तजाम होने तक यहाँ रुको।...दुनियादारी से बहुत दूर पहाड़ी गाँव में पली, कच्ची उम्र की उस हिरनी को विवश-मन से वहीं पर छोड़कर रोजी की तलाश में मैं शहर चला जाता। क्या तू महसूस कर सकता है कि उस पूरे दिन वह मेरे साथ ही रहती और मैं पल-पल उसके पास।“ बोलते-बोलते वह उठकर खड़े हो गए और कमरे से बाहर की ओर चल दिए—”...और अब भी, सिर्फ यह शरीर ही उसके साथ नहीं जा पाया है बेटे...आत्मा तो गई। मुझ पर नजर मत रख बहू...जैसा भी हूँ, मैं ठीक हूँ। मुझ पर...।”

चरित्र, प्रेम और नैतिकता—नशाखोरों की दुनिया से दूर की बातें हैं। घृणापूर्वक रोमा ने सिर झुकाए बैठे पति की ओर देखा और दौड़कर बाबूजी के चरण पकड़ लिए। सुबकते हुए बोली, “कहीं न जाइए...हमें माफ कर दीजिए बाबूजी...हमें...।”

बाबूजी निस्पन्द खड़े रहे। जैसे कुछ सुन ही न रहे हों। वह दूर अनन्त में कहीं देख रहे थे। साँसें तेज हो गई थीं, जैसे अनन्त में ही पहुँच जाना चाहती हों।

उपर्युक्त लघुकथा का अन्तर्पाठ

मन अनन्त में : साथ चले जाने की कथा

बलराम अग्रवाल की लघुकथा “मन अनन्त में” पहली नज़र में एक वृद्ध पिता के शोक और बेटे की संवेदनहीनता की कथा लगती है; लेकिन आगे बढ़ते हुए स्पष्ट होता है कि यह केवल शोक और संवेदनहीनता की कथा नहीं, बल्कि उस प्रेम की कथा है जो जीवनसाथी के जाने के बाद पीछे रह गए व्यक्ति को भी धीरे-धीरे उसी ओर खींच ले जाता है। ढलती उम्र में जीवनसाथी का वियोग सहना बहुत कठिन होता है, और लेखक ने इसे संवादों के सहारे, बिना किसी व्याख्या के, हमारे सामने रख दिया है।

कथा का आरंभ रोमा के संवाद से होता है, और इस चुनाव में एक सूझ है। हम बाबूजी को पहले उनकी बहू की नज़र से देखते हैं : "जहाँ बैठे हैं, बैठे रहेंगे; हवा में पता नहीं कहाँ एकटक देखते रहेंगे; किसी का बोलना तक बुरा लगने लगा है।" यह किसी कथावाचक का नैरेशन नहीं, रोज़ साथ रहने वाली एक स्त्री की चिंता है। वह “दिन भर उन्हें देखती जो रहती है”, इसलिए उसे दिखता है कि महीने भर में बाबूजी कितने दुबले हो गए हैं। उसे यह डर भी है कि दुःखी पिता को कुछ हो गया तो पति को जीवन भर पछतावा रहेगा। यह डर आगे चलकर कथा के अंत की ओर संकेत करता है।

तपेन्द्र ठीक उलटा है। रोमा पूछती है, “नज़रें उठाकर उनकी ओर देखा है कभी?” पर तपेन्द्र को दोस्तों से फुर्सत नहीं, और वह कौर मुँह में रखते हुए पत्नी को 'बेवकूफ़' कह देता है। उसकी बातों पर दर्शन का आवरण है—“नया-नया सुख और नया-नया दुःख आदमी के चेहरे पर गहरा दिखाई देता है”—पर भीतर उदासीनता है। रोमा का उसके बारे में अनुमान भी इसी बातचीत में बदलता है : अब तक कठोर-हृदय समझा जाने वाला पति उसे हृदयहीन लगने लगता है। कथा के अंत में लेखक एक पंक्ति में उसकी जड़ खोल देता है : चरित्र, प्रेम और नैतिकता नशाखोरों की दुनिया से दूर की बातें हैं। इससे “दोस्तों से फुर्सत नहीं” का अर्थ भी साफ़ हो जाता है।

कथा का केंद्र वह क्षण है जब तपेन्द्र तीखी हँसी के साथ पूछता है, “कोई किसी के साथ जाता है क्या?” और कमरे के बाहर से बाबूजी का उग्र स्वर आता है, “जाता है, साथ भी जाता है...” यह यथार्थ के बहुत निकट है। दुःख में डूबा व्यक्ति सब सुनता रहता है और जब कोई उसके सबसे गहरे विश्वास का उपहास करता है, तो अचानक फट पड़ता है। तपेन्द्र चौंक जाता है, बाबूजी का बदन आवेश से काँपने लगता है, वे ज़्यादा देर खड़े नहीं रह पाते और ज़मीन पर बैठ जाते हैं। फिर भी हाथ के इशारे से रोमा को रोक देते हैं। इन छोटे ब्योरों में उनका दुःख भी है और गरिमा भी।

बाबूजी तपेन्द्र से कहते हैं, “यह सबकुछ देख रहा है न”, और घर का सामान गिनाते हैं—मकान, टी.वी., रेडियो, कूलर, फ्रिज और वह डिनर टेबल जिस पर तपेन्द्र इत्मीनान से खा-पी रहा है। तब कुछ भी नहीं था, जब वे और अम्माजी इस शहर में आए थे। यह सब उन दोनों ने मिलकर बनाया है। कथा की विडंबना यहीं है : बाबूजी ने अम्माजी के साथ अभाव में भी प्रेम और लगाव से भरी ज़िंदगी जी, जबकि बाबूजी की दृष्टि में तपेन्द्र सुख-सुविधाओं के बीच भी अपनी पत्नी रोमा के साथ वैसा जीवन नहीं जी पाया। वे इस कमी को पहचानते हैं और कहते हैं, “मुझे दुःख है कि परस्पर प्रेम और लगाव की वैसी जिन्दगी तूने नहीं जी।” फिर भी वे उसे “बेटे” कहकर ही संबोधित करते हैं। तपेन्द्र की संवेदनहीनता के बावजूद उनके संबोधन में स्नेह बना रहता है।

बाबूजी अपने जीवन के “पेज” खोलते हैं : रात के दो बजे जंगली इलाके के स्टेशन पर उतरना, एक लोई में खुद को लपेटे रातभर प्लेटफ़ॉर्म पर बैठे रहना, स्टेशन मास्टर का अपने दफ़्तर का एक कोना दे देना। फिर रोज़ी की तलाश में पहाड़ी गाँव की उस “कच्ची उम्र की हिरनी” को छोड़कर शहर जाना, यह अच्छी उपमा है। कच्ची उम्र की हिरनी एक सुंदर और अर्थगर्भित उपमा है, जो अम्माजी के यौवन, निश्छलता और विश्वासप्रियता को एक साथ साकार कर देती है। इस प्रसंग का सार उनकी इस बात में है कि उस पूरे दिन वह उनके साथ ही रहती और वे पल-पल उसके पास। जिनका मन इस तरह साथ रहा हो, उनके लिए आज की दूरी असह्य है। इसीलिए वे कहते हैं, “सिर्फ यह शरीर उसके साथ नहीं जा पाया है बेटे... आत्मा तो गई।” यह वाक्य कथा का मर्म है, कथा का केंद्र-बिंदु है।

रोमा केवल एक संवेदनशील बहू नहीं, ममता और स्नेह की प्रतिमूर्ति भी है। इसीलिए बाबूजी अपना अतीत खोलने से पहले उसे 'बेटी' कहते हैं। अतीत सुना चुकने के बाद वे उसे 'बहू' कहते हुए कमरे से बाहर निकल जाते हैं। बाबूजी रोमा को बेटी कहकर अपने मन की बात सुनाते हैं, जबकि अंत में उसे बहू कहकर अपनी निजी पीड़ा में हस्तक्षेप न करने की बात कहते हैं—“मुझ पर नज़र मत रख बहू... जैसा भी हूँ, मैं ठीक हूँ।” इस संबोधन में आत्मीयता के साथ एक सीमा खींचने का भाव भी हो सकता है। रोमा के 'हमें माफ़ कर दीजिये' का 'हमें' भी ध्यान देने योग्य है। अपराध तपेन्द्र का है, पर रोमा एक सुघड़ गृहिणी की तरह पूरे परिवार का बोझ अपने ऊपर ले लेती है।

कथा का बड़ा हिस्सा दीर्घ संवाद है, और बाबूजी के लंबे कथन में लगभग कोई रोक-टोक नहीं है। केवल एक बार रोमा उन्हें बिस्तर में बैठ जाने को कहती है, और बाबूजी 'नहीं...' कहकर उसे अनसुना कर देते हैं। वह टोकना भी उनके आवेग की तीव्रता को दिखाता है। संवादों में त्रिबिंदु (...) का प्रयोग उल्लेखनीय है। इससे बाबूजी के कथन में ठहराव, भावनात्मक आवेग और अतीत की स्मृतियों में डूबने की स्थिति प्रभावी ढंग से उभरती है।

कथा में अम्माजी कहीं उपस्थित नहीं हैं, उनका नाम तक नहीं आता, फिर भी पूरी कथा उन्हीं के इर्द-गिर्द घूमती है। उनकी अनुपस्थिति ही कथा की सबसे बड़ी उपस्थिति है। 'देखने' का रूपक भी पूरी कथा में चलता है : यहाँ ‘देखना’ केवल आँखों की क्रिया नहीं, बल्कि दूसरे के दुःख और मनःस्थिति को समझने की क्षमता का संकेत भी बनता है। संवेदना का पैमाना यहाँ देख पाना या न देख पाना है।

अंत किसी संवाद से नहीं, लेखकीय नैरेशन से होता है। बाबूजी निस्पंद खड़े हैं, जैसे कुछ सुन ही न रहे हों, दूर अनन्त में कहीं देख रहे हैं, और उनकी साँसें तेज़ हो गई हैं, जैसे अनन्त में ही पहुँच जाना चाहती हों। वाक्य-रचना इतनी सुघड़ है कि पाठक इसे बाबूजी के मन की उथल-पुथल की तरह महसूस करता है। यहीं कथा गोल घूमकर आरंभ पर लौटती है : जो एकटक देखना रोमा ने शुरू में बताया था, वही अंत में दिखता है, और रोमा की आशंका अब और गहरी होती दिखाई देती है। शीर्षक 'मन अनन्त में' का अर्थ भी यहीं खुलता है। तपेन्द्र के प्रश्न 'कोई किसी के साथ जाता है क्या?' का उत्तर कथा बिना कुछ कहे स्वयं दे देती है। अनकहा अंत इस कथा की विशेषता बन गया है।

इस लघुकथा में समस्या सामने रखी गई है, पर उससे बचा नहीं गया और न ही उसका कोई तैयार समाधान पाठक को थमाया गया है। बाबूजी अनन्त की ओर देखते रहते हैं और आगे क्या होगा, यह अनकहा छोड़ दिया जाता है। संभव है कि वे इसी तरह शोक में डूबे रहें, संभव है कि अम्माजी की स्मृतियाँ उन्हें धीरे-धीरे अपने पास खींच लें। यह भी संभव है कि रोमा का स्नेह उन्हें जीवन से फिर जोड़ सके। लेकिन लेखक इनमें से किसी भी संभावना की पुष्टि नहीं करता। तपेन्द्र के व्यवहार में परिवर्तन होगा या नहीं, यह भी अनिश्चित है। यही खुलापन कथा को प्रभावी बनाता है। शीर्षक ‘मन अनन्त में’ भी इसी अनिश्चित स्थिति को अभिव्यक्त करता है—बाबूजी का शरीर अभी यहीं है, लेकिन उनका मन जैसे अनन्त की ओर बढ़ चला है।

इसमें एक बात विशेष रूप से महत्त्वपूर्ण है: “शरीर अभी यहीं है, लेकिन उनका मन जैसे अनन्त की ओर बढ़ चला है।” यह पंक्ति शीर्षक और अंतिम दृश्य को जोड़ती है, लेकिन बाबूजी की मृत्यु का अनुमान निश्चित रूप से नहीं लगाती। यही कथा के खुले अंत का सम्मान है।