Sunday, 15 November 2026

लघुकथाओं का पाठकीय अन्तर्पाठ-4 / अरुण डनायक

 

अरुण डनायक
भारतीय स्टेट बैंक में सतर्कता विभाग के सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त अरुण डनायक जी साहित्य और साहित्यकार दोनों से जुड़े रहे हैं। वह म॰ प्र॰ की राजधानी भोपाल में रहते हैं और इन दिनों डॉ॰ अशोक भाटिया द्वारा सम्पादित लघुकथा संकलन 'कथा समय' से स्वयं द्वारा चुनी हुई 'लघुकथाओं का पाठकीय आलोचनात्मक अन्तर्पाठ' प्रस्तुत कर रहे हैं। यह उनकी सदाशयता ही है कि एक उच्च स्तरीय अन्तर्पाठ को वह 'पाठकीय' ही बता रहे हैं, स्वयं को लघुकथा आलोचना के शिखर पर बैठाने का दावा नहीं कर रहे। मुझे अभी तक उनकी ओर से जिन लघुकथाओं का अन्तर्पाठ वाट्सएप पर मिला है, उनमें तीसरा  यहाँ पाठकों, लेखकों और आलोचकों, सभी के अवलोकनार्थ दिया जा रहा है। जैसे-जैसे अन्य अन्तर्पाठ प्राप्त होंगे, उन्हें एक शृंखला के रूप में शनै: शनै: यहाँ दिया जाता रहेगा। चौथी कड़ी के रूप में आज प्रस्तुत है, बलराम अग्रवाल की लघुकथा ‘बिना नाल का घोड़ा’ तथा उसका अन्तर्पाठ :

बिना नाल का घोड़ा

उसने देखा कि आफ़िस के लिए तैयार होते-होते वह चारों हाथ-पैरों पर चलने लगा है । तैयार होने के बाद वह घर से बाहर निकला । जैसे ही सड़क पर पहुँचा, घोड़े में तब्दील हो गया । अपने जैसे ही साधारण कद और काठी वाले चमकदार काले घोड़े में । माँ, पिता, पत्नी और बच्चे-सबको उसने अपनी गरदन से लेकर पीठ तक लदा पाया । इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, सड़ाक से एक हंटर उसके पुट्ठे पर पड़ा,“देर हो चुकी है, दौड़ो...!”

वह दौड़ने लगा—ठकाठक...ठकाठक...ठकाठक...ठकाठक...।

“तेज़...और तेज़...!” ऊपर लदे लोग एक-साथ चिल्लाए।

वह और तेज़ दौड़ा—सरपट।

कुछ ही देर में उसने पाया कि वह आफिस के सामने पहुँच गया है। खरामा-खरामा पहले वह लिफ़्ट तक पहुँचा, लिफ़्ट से फ़्लोर तक और फ़्लोर से सीट तक। ठीक से वह अभी सीट पर बैठा भी नहीं था कि पहले से सवार घरवालों को पीछे धकेलकर बॉस उसकी गरदन पर आ सवार हुआ।

“यह सीट पर बैठकर आराम फरमाने का नहीं, काम से लगने-लिपटने का समय है मूरख ! दौड़...।” उसके पुट्ठों पर, गरदन पर, कनपटियों पर संटी फटकारते हुए वह चीखा।

उसने तुरंत दौड़ना शुरू कर दिया—इस फाइल से उस फाइल तक, उस फाइल से उस फाइल तक....लगातार....लगातार...और दौड़ता रहा तब तक, जब तक कि अपनी सीट पर ढह न गया पूरी तरह पस्त होकर। एकाएक उसकी मेज़ पर रखे फोन की घंटी घनघनाई—ट्रिंग-ट्रिंग.. ट्रिंग-ट्रिंग...ट्रिंग...!

उसकी आँखें खुल गयीं। हाथ बढ़ाकर उसने सिरहाने रखे अलार्म-पीस को बंद कर दिया और सीधा बैठ गया। पैताने पर, सामने उसने माँ को बैठे पाया।

“नमस्ते माँ!” आँखें मलते हुए माँ को उसने सुबह की नमस्ते की।

“जीते रहो!” माँ ने कहा,“तुम्हारी कुंडली कल पंडितजी को दिखाई थी। ग्रह-दशा सुधारने के लिए तुम्हें काले घोड़े की नाल से बनी अँगूठी अपने दायें हाथ की अँगुली में पहननी होगी।”

माँ की बात पर वह कुछ न बोला, चुप रहा ।

“बाज़ार में बहुत लोग नाल बेचते हैं।” माँ आगे बोली,“लेकिन, उनकी असलियत का कुछ भरोसा नहीं है। बैल-भैंसा किसी के भी पैर की हो सकती हैं।...मैं यह कहने को आई थी कि दो-चार जान-पहचान वालों को बोलकर काला-घोड़ा तलाश करो, ताकि असली नाल मिल सके।”

“नाल पर अब कौन पैसे खर्च करता है माँ!” माँ की बात पर वह कातर-स्वर में बुदबुदाया,“हंटरों और चाबुकों के बल पर अब तो मालिक लोग बिना नाल ठोंके ही घोड़ों को घिसे जा रहे हैं...।” यह कहते हुए अपने दोनों पैर चादर से निकालकर उसने माँ के आगे फैला दिए,“लो… देख लो।”

 उपर्युक्त लघुकथा का अन्तर्पाठ 

‘बिना नाल का घोड़ा’ : दो पाटों में पिसता नौकरीपेशा व्यक्ति

यह लघुकथा नौकरीपेशा मध्यवर्गीय व्यक्ति के ‘घोड़े’ में बदल जाने की कथा है। यहाँ घोड़ा कोई पशु नहीं, बल्कि वह मनुष्य है जो निरंतर दूसरों का बोझ ढो रहा है। कथा के आरंभ में ही दो मुहावरे सक्रिय हो जाते हैं—‘चारों हाथ-पैर पर चलने लगना’ और ‘घोड़ा बन जाना’। पहले मुहावरे का तात्पर्य है कि मनुष्य चौपाया बन गया है, जिसका मुख्य कार्य अपने मालिक के निर्देशों पर निरंतर खपते रहना है। किंतु बलराम अग्रवाल उसे सिर्फ चौपाया नहीं रहने देते। चौपायों में गधे, बैल और भैंसे भी आते हैं, जिनसे जुड़ी अनेक लोकोक्तियाँ और लोककथाएँ पाठक के मन में स्वतः उपस्थित हो सकती हैं। इसलिए लेखक अपने पात्र को घोड़े में रूपांतरित करते हैं। मनुष्य का पहले चौपाया बनना और फिर घोड़े में बदल जाना केवल शारीरिक रूपांतरण नहीं, बल्कि उसकी स्वतंत्रता और मानवीय गरिमा के क्षरण का संकेत है।

घोड़े का बिंब केवल श्रमशीलता का नहीं, बल्कि नियंत्रित ऊर्जा का भी है। वह अपनी दिशा स्वयं निर्धारित नहीं करता, बल्कि मालिक की लगाम और चाबुक के अनुसार दौड़ता है। इस प्रकार दोनों मुहावरे यहाँ शाब्दिक अर्थ से आगे बढ़कर रूपकात्मक अर्थ ग्रहण कर लेते हैं। मनुष्य की श्रम-क्षमता का उपयोग उसकी इच्छा से नहीं, बल्कि दूसरों की जरूरतों और निर्देशों के अनुसार होने लगता है।

घोड़े में परिवर्तित यह मनुष्य भारतीय मध्यवर्गीय नौकरीपेशा वर्ग का प्रतिनिधि है। उसका संयुक्त परिवार है और उसके भरण-पोषण का दायित्व पूरी तरह उसी के कंधों पर है। माँ, पिता, पत्नी और बच्चे उसकी आय पर निर्भर हैं। वे उससे अपेक्षाएँ रखते हैं, किंतु उसका शोषण करते हुए नहीं दिखाई देते। लेखक परिवार की आलोचना नहीं कर रहे, बल्कि यह दिखा रहे हैं कि एक मध्यवर्गीय कमाने वाले व्यक्ति पर अपने परिवार की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं का भार स्वाभाविक रूप से आ पड़ता है। यह बोझ केवल जिम्मेदारी का नहीं, प्रेम और आत्मीयता का भी है।

परिवार की इसी दुनिया में डूबे व्यक्ति पर अचानक हंटर का पहला प्रहार पड़ता है—"देर हो चुकी है, दौड़ो!" यह केवल समय का दबाव नहीं है। यह आधुनिक नौकरीपेशा जीवन का पहला आदेश है। यह उस विडंबना का चित्र है जिसमें व्यक्ति सुबह उठते ही इंसान से अधिक एक ‘उत्पादकता की मशीन’  में बदल जाता है। कार्यालय पहुँचने का दबाव, समय पर उपस्थिति दर्ज कराना, निर्धारित कार्य पूरा करना और वेतन के माध्यम से पारिवारिक जिम्मेदारियाँ निभाना, सब मिलकर उसे निरंतर दौड़ने के लिए बाध्य करते हैं।

लिफ्ट, फ्लोर और सीट का प्रसंग महानगरीय कार्यालय-संस्कृति का सशक्त बिंब निर्मित करता है। घोड़ा बना कर्मचारी जब कार्यालय पहुँचता है, तो उसकी चाल बदल जाती है। लेखक का एक छोटा-सा वाक्य—“खरामा-खरामा वह पहले लिफ्ट तक पहुँचा...” बहुत-कुछ कह जाता है। घर से कार्यालय तक वह सरपट भाग रहा था, लेकिन कार्यालय की इमारत में पहुँचते ही उसकी गति धीमी पड़ जाती है। महानगरों में सुबह घर से निकलकर लंबी और थकाऊ यात्रा के बाद कार्यालय पहुँचने वाला व्यक्ति प्रायः शारीरिक ही नहीं, मानसिक रूप से भी थक चुका होता है। इस दृश्य को उस थकान और टूटन के संकेत के रूप में पढ़ा जा सकता है।

कार्यालय पहुँचते ही वह ढंग से साँस भी नहीं ले पाता कि ‘पहले से सवार घरवालों को पीछे धकेलकर’ बॉस उसकी गर्दन पर आ लदता है। इस दृश्य का अर्थ अत्यंत गहरा है। परिवार कहीं गया नहीं है; वह अब भी उसकी जिम्मेदारी बना हुआ है। लेकिन अब उसके साथ बॉस और दफ्तर का दबाव भी जुड़ गया है। एक ओर घर है, दूसरी ओर कार्यालय, और इनके बीच पिसता हुआ कर्मचारी है। परिवार का भार वह अपने दायित्व और आत्मीय संबंधों के कारण उठाता है, जबकि बॉस का भार अधिकार और कार्यस्थल की व्यवस्था के बल पर उस पर लाद दिया जाता है। भारतीय नौकरीपेशा वर्ग के  जीवन की इस तीक्ष्ण विसंगति को लेखक ने बड़ी सूक्ष्मता से उभारा है।

"यह सीट पर बैठकर आराम फरमाने का नहीं, काम से लगने-लिपटने का समय है, मूरख! दौड़!" यह वाक्य भारतीय कार्यालय-संस्कृति पर तीखा व्यंग्य है। यह केवल किसी एक बॉस की मानसिकता नहीं, बल्कि आधुनिक कार्यालय की दबावपूर्ण कार्य-संस्कृति का चित्र है, जिसमें कर्मचारी की मानवीय थकान अदृश्य हो जाती है। वहाँ केवल उत्पादकता दिखाई देती है; व्यक्ति नहीं, प्रदर्शन महत्त्वपूर्ण होता है।

यह घटनाक्रम चल ही रहा होता है कि अचानक अलार्म की घंटी बज उठती है और पाठक को पता चलता है कि नायक सपना देख रहा था। यहीं कथा एक नए स्तर पर प्रवेश करती है और एक दूसरी सामाजिक वास्तविकता सामने आती है। यह वास्तविकता है भारतीय, विशेषतः मध्यवर्गीय परिवारों की, जहाँ जीवन की कठिनाइयों और संकटों के समाधान के लिए ज्योतिषीय सलाह पर भरोसा किया जाता है। किंतु लघुकथा के सिद्धहस्त कथाकार बलराम अग्रवाल इस संभावित कालदोष को बड़ी चातुर्यपूर्ण शिल्प-सजगता के साथ स्वप्न और यथार्थ के संयोजन में बदल देते हैं।

कार्यालय का तनाव नींद में भी सपना बनकर आता है। यही इस कथा का अत्यंत यथार्थवादी पक्ष है। मध्यवर्गीय व्यक्ति कार्यालय से घर तो लौट आता है, लेकिन कार्यालय उसके भीतर से नहीं निकलता। तनाव उसके अवचेतन तक पहुँच चुका होता है। दफ्तर की भागमभाग भरी जिंदगी से निढाल व्यक्ति ढंग से विश्राम तक नहीं कर पाता। उसकी मानसिक मुक्ति भी समाप्त हो चुकी है।

पुत्र परेशान है, लेकिन उसकी चिंता में डूबी माँ समाधान खोज रही है। उसे कुंडली पर विश्वास है। माँ की आस्था केवल कुंडली और ग्रह-दशा तक सीमित नहीं है; वह उपाय में प्रयुक्त नाल की प्रामाणिकता को लेकर भी सतर्क है। बाजार में मिलने वाली नाल पर उसे भरोसा नहीं, क्योंकि वह असली घोड़े की होने के बजाय बैल या भैंसे की भी हो सकती है। इस छोटे-से प्रसंग में लोकविश्वास के साथ जुड़ी व्यावहारिक सावधानी भी दिखाई देती है।

दूसरी ओर पुत्र जानता है कि उसकी समस्या ज्योतिषीय नहीं है। उसका संकट सामाजिक, आर्थिक और कार्य-संस्कृति से जुड़ा हुआ है। वह अफसरशाही, कार्य-दबाव और प्रतिस्पर्धी व्यवस्था से जूझ रहा है। यहीं कथा की सबसे सूक्ष्म विसंगति उभरकर सामने आती है। माँ ग्रह-दोष खोज रही है, जबकि पुत्र व्यवस्था-दोष को समझ रहा है।

‘काले घोड़े की नाल’ इस लघुकथा का सबसे बड़ा प्रतीक लोकविश्वास में काले घोड़े की नाल को ग्रह-दोष के निवारण और सौभाग्य से जोड़कर देखा जाता है। लेकिन नायक का उत्तर है—"नाल पर अब कौन पैसे खर्च करता है अम्मा!" इसी एक वाक्य में कथा का पूरा व्यंग्य छिपा हुआ है। पुराने समय में मालिक अपने घोड़े की सुरक्षा के लिए नाल लगवाता था। आज का मालिक नाल पर खर्च नहीं करता; वह केवल चाबुक चलाता है। अर्थात नई कार्य-संस्कृति में शोषण तो है, पर संरक्षण नहीं; काम है, पर सुविधा नहीं; जिम्मेदारी है, पर सम्मान नहीं।

यहीं कथा का शीर्षक भी अपना पूरा अर्थ ग्रहण करता है। अंतिम दृश्य अत्यंत मार्मिक है। जब नायक अपने पैर माँ की ओर फैलाते हुए कहता है—"लो, देख लो"—तो वह केवल अपने पैर नहीं दिखा रहा होता। वह मानो यह कह रहा है कि—"मैं स्वयं वही काला घोड़ा हूँ जिसकी नाल तुम खोज रही हो।" यही वह क्षण है जहाँ लघुकथा अपने चरमोत्कर्ष पर पहुँचती है।

बलराम अग्रवाल की यह लघुकथा आधुनिक मध्यवर्गीय नौकरीपेशा व्यक्ति की उस त्रासदी को अभिव्यक्त करती है, जिसमें वह परिवार और नौकरी दोनों का बोझ उठाते-उठाते स्वयं एक "बिना नाल का घोड़ा" बन जाता है। उससे लगातार दौड़ने की अपेक्षा की जाती है, लेकिन उसकी सुरक्षा, विश्राम और मानवीय आवश्यकताओं की ओर कोई ध्यान नहीं देता।

इस लघुकथा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि प्रतीकात्मक संरचना पर आधारित होने के बावजूद इसकी सम्प्रेषणीयता कहीं भी बाधित नहीं होती। शैली मूलतः वर्णनात्मक है, किन्तु आवश्यकतानुसार संवादों के माध्यम से कथ्य को सघनता और प्रभावशीलता प्रदान की गई है। कथा के पात्रों के कोई नाम नहीं हैं; वे व्यक्ति न होकर वर्ग-चरित्रों और सामाजिक भूमिकाओं के प्रतिनिधि हैं। लेखक ने घोड़े, हंटर, नाल, बोझ और दौड़ जैसे इन प्रतीकों से जीवन-संघर्ष को प्रभावशाली ढंग से मूर्त किया गया है।

कथा का शिल्प स्वप्न और यथार्थ के संयोजन पर आधारित है। स्वप्न में देखा गया घोड़े का रूपांतरण और जागने के बाद माँ के साथ होने वाला संवाद मिलकर ऐसी व्यंजना उत्पन्न करते हैं कि पाठक धीरे-धीरे समझ पाता है कि घोड़ा कोई दूसरा नहीं, स्वयं नायक ही है।

अंततः यह लघुकथा केवल एक कर्मचारी की कहानी नहीं रह जाती, बल्कि उस पूरे मध्यवर्गीय समाज का रूपक बन जाती है जो सुरक्षा और सम्मान से वंचित होकर निरंतर दौड़ने को अभिशप्त है। ‘बिना नाल का घोड़ा’ आधुनिक कार्य-संस्कृति, सामाजिक अपेक्षाओं और मानवीय थकान का ऐसा प्रतीक है, जो पाठक को देर तक सोचने के लिए विवश करता है।

No comments: