![]() |
| अरुण डनायक |
यह कौन-सा मुल्क है
उसको आज कई माह बाद जमीन दिखाई दी थी। आनन-फानन में उसने समुद्र में भटकते अपने बेड़े को किनारे की ओर बढ़ा दिया। किनारे पर पहुँचकर उसने लंगर डाला और जहाज से नीचे कूद पड़ा। हालाँकि दिन अभी निकला ही था, लेकिन माहौल धुएँ और धूल से सराबोर था। अपने नथुनों के जरिए हवा को थोड़ा और सूँघकर उसने अन्दाजा लगाया कि यह धुआँ गरीब-गुरबों के चूल्हों से नहीं निकला था। इसमें डीजल, पैट्रोल और एल.पी.जी. की गन्ध समाविष्ट थीं।
घूमता-घामता वह शहर की एक सड़क पर आ पहुँचा। शायद राष्ट्रीय राजमार्ग पर। उसने देखा कि लाखों जोड़ी टाँगें इधर से उधर और उधर से इधर दनादन दौड़े चली जा रही हैं। एक अनुशासनहीन-सी बेतरतीब दौड़। एकाएक उसने देखा कि कुछ टाँगें आगे बढ़ने में कम, आगे बढ़ती दूसरी टाँगों को टँगड़ी मारने में अधिक तेज हैं।
“हे...क्या करते हो...?” वह टँगड़ीमारों पर चिल्लाया।
लेकिन कुछ नहीं। गिरानेवाली टाँगें गिराती रहीं। गिरनेवाली टाँगें गिरती रहीं, और दौड़ बदस्तूर जारी रही।
“अरे, देखो उसे...।” वह पुनः चिल्लाया, “वह गिर गया है...उसे उठाओ, वरना मर जाएगा।”
कोई टाँग नहीं रुकी। न कोई झुकी ही। बहुत चीखने-चिल्लाने के बाद उसकी समझ में आया कि वह बेमतलब ही चिल्ला रहा है। ये तो सिर्फ टाँगें हैं, और टाँगें कभी सुना नहीं करतीं।
वह दूसरी सड़क पर मुड़ गया। वहाँ उसने हजारों हाथों को हवा में लहराते देखा। हर हाथ की अपनी अलग ही मुद्रा थी। कोई मुक्के की मुद्रा में था तो कोई आशीष की मुद्रा में। कोई थप्पड़ की मुद्रा में था तो कोई क्षमादान की मुद्रा में। कोई अपना अँगूठा खड़ा किए हुए था तो कोई तर्जनी और मध्यमा से अंग्रेजी का ‘वी’ अक्षर बनाए था। बहुत-से हाथ ऐसे भी थे जो कनिष्ठा उठाए खड़े थे। अभी वह हालात को समझने की कोशिश में ही था कि एल्यूमीनियम का एक पुश्तैनी-सा कटोरा एक हाथ ने उसके आगे पसार दिया।
भिखमंगा!...वह मुँह-ही-मुँह में बुदबुदाया। उसने जेब में अपना हाथ डाला और कुछ सिक्के निकालकर उस कटोरे में डाल दिए। कटोरे में सिक्कों की खनखनाहट के साथ ही और भी अनेक कटोरे उसके आगे आ पसरे। इतने भिखमंगे!! कटोरे पर कटोरे को देखकर वह घबरा गया। इतने कटोरों में डालने लायक सिक्के तो उसकी जेब में अब थे भी नहीं। वह कुछ सोच ही रहा था कि कटोरे फेंक-फेंककर हाथ उसकी जेबों में घुसने लगे।
“क्या करते हो! हटो, हटो...।” उसने चिल्लाना और उन्हें पीछे को धकियाना शुरू किया। लेकिन नतीजा फिर वही—हाथों के कान नहीं होते। वह जितने हाथों को पीछे धकेलता, उससे दूने हाथ अगले ही पल उस पर टूट पड़ते। उनसे टक्कर लेने की बजाय उसने आहिस्ता-आहिस्ता थोड़ी-सी जगह बनाई और वहाँ से भाग निकला।
इस बार वह एक खुली जगह पर खड़ा था। यह एक मैदान था।
उसने देखा कि इस सिरे से उस सिरे तक सारा मैदान खचाखच भरा था। दू...ऽ...र, उस किनारे पर एक मंच बना हुआ था। उस पर भी कुछ शख्स बैठे हुए थे। उसने मैदान में और मंच पर बैठे एक-एक शख्स पर निगाह डाली। सभी के हाथ, पैर और धड़ तो थे, सिर नहीं था।
“उफ्, खुदा मेरे, तूने मुझे यह किस जमीन पर ला खड़ा किया।” डरा-सहमा-सा वह इस बार फिर बुदबुदाया, “बड़ी अजीब बात है! अपनी जिन्दगी में मैंने बड़े-बड़े अजूबे देखे-सुने।... पहाड़ जितने उकाब और बालिश्त-बालिश्त-भर के आदमी भी देखे-सुने; लेकिन इन्सान के टुकड़े!... यहाँ तो कहीं पर सिर्फ टाँगें दौड़ लगा रही हैं और कहीं पर सिर्फ हाथ हवा में लहरा रहे हैं!... और इस वक्त, इस मैदान में! यह तो हद दर्जे का अजूबा है कि बेसिर लोग चर्चाओं में मशगूल हैं! यह कौन-सा मुल्क है मेरे मौला, जहाँ एक भी शख्स पूरा इन्सान नहीं! मुझे बता, कुछ मदद कर।”
उपर्युक्त लघुकथा का अन्तर्पाठ
आधे-अधूरे मनुष्यों का मुल्क
बलराम अग्रवाल की वर्णनात्मक शैली में लिखी गई यह अनोखी लघुकथा अपने शीर्षक और शुरुआती पंक्तियों से ही पाठक के मन में जिज्ञासा पैदा करती है। कथा का आरंभ रहस्य और विस्मय का वातावरण रचता है तथा पाठक को आगे बढ़ने के लिए बाध्य करता है। समुद्र में भटकता एक अजनबी कई महीनों बाद जमीन देखता है और अपने बेड़े को किनारे की ओर ले आता है। लेकिन जिस मुल्क में वह पहुँचता है, वहाँ के दृश्य धीरे-धीरे उसे विस्मित और विचलित करने लगते हैं।
किनारे पर उतरते ही उसे धुएँ और धूल से भरा वातावरण दिखाई देता है। वह हवा को सूँघकर अनुमान लगाता है कि यह धुआँ गरीब-गुरबों के चूल्हों से नहीं उठा है। इसमें डीजल, पेट्रोल और एलपीजी की गंध है। यह केवल प्रदूषण का दृश्य नहीं है। आगंतुक यह भी पहचानता है कि वातावरण को दूषित करने वाला धुआँ लोगों की बुनियादी जीवन-ज़रूरतों से नहीं, बल्कि आधुनिक शहरी परिवहन और ऊर्जा-उपभोग की व्यवस्था से जुड़ा है। इस प्रसंग में आधुनिकता की चमक के पीछे छिपी पर्यावरणीय कीमत का संकेत मिलता है। अजनबी को पहली ही दृष्टि में लगता है कि इस मुल्क में सब कुछ सामान्य नहीं है।
आगे बढ़ते हुए वह एक सड़क पर पहुँचता है, जो शायद राष्ट्रीय राजमार्ग है। वहाँ लाखों जोड़ी टाँगें इधर से उधर और उधर से इधर बेतरतीब दौड़ रही हैं। कुछ टाँगें आगे बढ़ने से अधिक दूसरी टाँगों को टंगड़ी मारने में तत्पर हैं। यह दृश्य वर्तमान जीवन की अंधी प्रतिस्पर्धा और मनुष्य के मशीनीकरण का रूपक बन जाता है। यहाँ सफलता महत्त्वपूर्ण है, मनुष्यता नहीं। आगे बढ़ने की होड़ में दूसरों को गिराना प्रतिस्पर्धा की प्रवृत्ति को उजागर करता है, जबकि किसी के गिर जाने पर उसकी सहायता के लिए न रुकना सामाजिक संवेदनहीनता को सामने लाता है।
अजनबी गिरते हुए व्यक्ति को उठाने के लिए बार-बार आवाज लगाता है, लेकिन कोई टाँग नहीं रुकती, कोई झुकती नहीं। अंततः उसकी समझ में आता है कि वह व्यर्थ ही चिल्ला रहा है—“ये तो सिर्फ टाँगे हैं और टाँगे सुना नहीं करतीं।” यह वाक्य केवल हास्य पैदा नहीं करता, बल्कि गहरी विडंबना व्यक्त करता है। जिन अंगों को मनुष्य की इच्छा, विवेक और संवेदना के अनुसार काम करना चाहिए, वे मानो स्वतंत्र और संवेदनहीन इकाइयाँ बन गए हैं। वे दौड़ सकते हैं, दूसरों को गिरा सकते हैं, लेकिन किसी की पीड़ा पर ठहर नहीं सकते।
इसके बाद अजनबी दूसरी सड़क पर पहुँचता है, जहाँ हजारों हाथ हवा में लहरा रहे हैं। हर हाथ की अपनी अलग मुद्रा है—कोई मुक्के की, कोई आशीर्वाद की, कोई थप्पड़ की, कोई क्षमादान की मुद्रा में है। कहीं अंगूठा खड़ा है, कहीं दो उँगलियाँ अंग्रेज़ी का ‘वी’ बना रही हैं और कहीं कनिष्ठा उठी हुई है। ये विविध मुद्राएँ समाज में मौजूद अलग-अलग मनोवृत्तियों, इच्छाओं और व्यवहारों का संकेत देती हैं। कहीं आक्रामकता है, कहीं आशीर्वाद, कहीं दंड और क्षमा, तो कहीं विजय और प्रदर्शन का भाव। यहाँ भी मनुष्य का पूरा व्यक्तित्व दिखाई नहीं देता; केवल उसके हाथ और उनसे व्यक्त होती प्रवृत्तियाँ सामने आती हैं।
इस दृश्य का व्यंग्य तब और तीखा हो जाता है जब एक हाथ अजनबी के सामने अलुमिनियम का पुराना कटोरा फैला देता है। वह उसे भिखमंगा समझकर कुछ सिक्के दे देता है, लेकिन देखते ही देखते अनेक कटोरे उसके सामने आ जाते हैं। फिर कटोरे फेंककर हाथ उसकी जेब में घुसने लगते हैं। यहाँ सहायता की अपेक्षा धीरे-धीरे छीनाझपटी में बदल जाती है। माँगने और लूटने के बीच का अंतर मिट जाता है। यह दृश्य केवल गरीबी का चित्रण नहीं, बल्कि अवसरवाद, लालच और भीड़ की अराजक मनोवृत्ति पर भी व्यंग्य करता है। आवश्यकता और अधिकार की सीमा टूटकर जबरन हासिल करने की प्रवृत्ति में बदल जाती है। इस तरह हाथों का दृश्य सामाजिक व्यवहार के एक और विडंबनापूर्ण पक्ष को उजागर करता है।
तीसरा दृश्य एक खुले मैदान का है। मैदान के इस सिरे से उस सिरे तक भीड़ भरी हुई है। दूर एक मंच बना है और उस पर भी कुछ लोग बैठे हैं। अजनबी जब मैदान और मंच पर मौजूद लोगों को ध्यान से देखता है, तो पाता है कि सबके हाथ, पैर और धड़ तो हैं, लेकिन सिर किसी के पास नहीं है। यह दृश्य किसी आमसभा या सार्वजनिक विमर्श का बिंब उपस्थित करता है। मैदान में भीड़ है, मंच पर लोग हैं और चर्चाएँ भी चल रही हैं, लेकिन विचार करने वाला मस्तिष्क ही अनुपस्थित है। सिर का न होना केवल बुद्धि या विवेक के अभाव का संकेत नहीं, बल्कि स्वतंत्र चिंतन, तर्क और विचारशीलता के लोप का प्रतीक भी है। यह दृश्य उन चर्चाओं की सार्थकता पर प्रश्न उठाता है, जिनमें बोलने वाले और सुनने वाले तो मौजूद हैं, लेकिन विचार और विवेक अनुपस्थित हैं। इसे भीड़तंत्र और विचारहीन सार्वजनिक जीवन पर व्यंग्य के रूप में पढ़ा जा सकता है।
इन तीनों दृश्यों को एक साथ देखने पर कथा की मूल युक्ति स्पष्ट होती है। पहले केवल दौड़ती टाँगें दिखाई देती हैं, फिर लहराते और छीनाझपटी करते हाथ और अंत में सिरविहीन धड़। अर्थात् समाज के विभिन्न हिस्सों में मनुष्य अपनी सम्पूर्णता खोकर अलग-अलग अंगों और प्रवृत्तियों में बँट गया है। कहीं महत्वाकांक्षा और प्रतिस्पर्धा है, कहीं स्वार्थ और आक्रामकता, तो कहीं विचार-विमर्श का आडंबर, लेकिन विवेक का अभाव है। यह लोकतांत्रिक सार्वजनिक जीवन की एक गहरी विडंबना भी है—संस्थाएँ, सभाएँ, मंच और विमर्श मौजूद हैं, पर उनमें विचारशीलता और मानवीय संवेदना का संकट है।
इस कथा में अजनबी की भूमिका भी विशेष महत्त्व रखती है। समुद्र में भटकता यह यात्री सिंदबाद या गुलिवर जैसे पात्रों की याद दिलाता है। ऐसे पात्रों के माध्यम से लेखक समाज को एक बाहरी और अपरिचित दृष्टि से देखने का अवसर देता है। अजनबी वहाँ के दृश्यों को देखकर केवल विस्मित नहीं होता, बल्कि गिरते हुए व्यक्ति की सहायता के लिए आवाज उठाता है और जरूरतमंद समझकर कटोरे में सिक्के भी डालता है। वह दूसरों की पीड़ा से विचलित होता है, लेकिन उसकी संवेदना का उत्तर उसे उदासीनता और आक्रामकता के रूप में मिलता है। इस प्रकार वह कथा में उस संवेदनशील और विचारशील मनुष्य का प्रतिपक्ष बन जाता है, जिसकी अनुपस्थिति उसे हर दृश्य में खटकती है। उसके भीतर करुणा, विवेक और प्रतिक्रिया की क्षमता है; वह केवल देखता नहीं, देखे हुए का अर्थ भी समझने की कोशिश करता है।
कथा में एक उल्लेखनीय शिल्पगत विशेषता त्रिबिंदु (...) का प्रयोग भी है। सामान्यतः इसका उपयोग अधूरे कथन, मानसिक ठहराव, हिचक या अनकही बात के संकेत के लिए होता है। इस लघुकथा में लेखक ने इसे भावानुकूल विराम और उच्चारण की विशिष्टता व्यक्त करने के लिए भी बरता है। उदाहरण के लिए, “दू...ऽ...र, उस किनारे पर एक मंच बना हुआ था” में ‘दूर’ शब्द को खींचकर लिखने से दूरी का अनुभव अधिक प्रभावी बनता है। इसी तरह “...पहाड़ जितने उकाब और बालिश्त-भर के आदमी भी देखे-सुने” में वाक्य के आरंभ का त्रिबिंदु पात्र के पूर्व अनुभवों से कथन की निरंतरता का संकेत देता है। यह प्रयोग कथा के वर्णन को नाटकीयता और मौखिकता प्रदान करता है।
अंत में अजनबी का प्रश्न—“यह कौन-सा मुल्क है मेरे मौला, जहाँ एक भी शख्स पूरा इंसान नहीं?”—पूरी कथा का केंद्रीय कथन बन जाता है। उसकी चिंता केवल प्रदूषण, गरीबी, प्रतिस्पर्धा या राजनीति तक सीमित नहीं है। वह उस समाज को देखकर विचलित है जहाँ मनुष्य अपनी मानवीय सम्पूर्णता खोकर किसी एक प्रवृत्ति या गतिविधि तक सिमट गया है। कहीं केवल दौड़ती टाँगें हैं, कहीं लहराते और छीनते हाथ, तो कहीं सिरविहीन लोग चर्चाओं में मशगूल हैं। शरीर के अंग तो हैं, लेकिन संवेदना, विवेक और दूसरों के प्रति जिम्मेदारी का अभाव है।
इस दृष्टि से कथा का शीर्षक किसी भौगोलिक देश की पहचान नहीं पूछता, बल्कि आधुनिक सभ्यता और उसके सामाजिक जीवन पर प्रश्नचिह्न लगाता है। अजनबी जिस मुल्क को देख रहा है, वह किसी एक देश तक सीमित नहीं; वह उस दुनिया का रूपक है जहाँ मनुष्य की गतिविधियाँ और आकांक्षाएँ तो बढ़ रही हैं, लेकिन उसकी मानवीय चेतना सिकुड़ती जा रही है। बलराम अग्रवाल की यह लघुकथा सामाजिक संवेदनहीनता, अंधी प्रतिस्पर्धा, अवसरवाद और विचारहीन सार्वजनिक जीवन पर एक साथ व्यंग्य करती है। इसका सबसे तीखा प्रश्न यही है कि क्या केवल शरीर के अंगों और बाहरी गतिविधियों से कोई व्यक्ति पूरा इंसान बन जाता है? मनुष्य की सम्पूर्णता तो संवेदना, विवेक, करुणा और संवाद से निर्मित होती है।

No comments:
Post a Comment