![]() |
| अरुण डनायक |
भारतीय स्टेट बैंक में सतर्कता विभाग के सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त श्री अरुण डनायक जी साहित्य और साहित्यकार दोनों से भी जुड़े रहे हैं। वह म॰ प्र॰ की राजधानी भोपाल में रहते हैं और इन दिनों डॉ॰ अशोक भाटिया द्वारा सम्पादित लघुकथा संकलन 'कथा समय' से स्वयं द्वारा चुनी हुई 'लघुकथाओं का पाठकीय आलोचनात्मक अन्तर्पाठ' प्रस्तुत कर रहे हैं। यह उनकी सदाशयता ही है कि एक उच्च स्तरीय अन्तर्पाठ को वह 'पाठकीय' ही बता रहे हैं, स्वयं को लघुकथा आलोचना के शिखर पर बैठाने का दावा नहीं कर रहे। मुझे अभी तक उनकी ओर से जिन दो लघुकथाओं का अन्तर्पाठ वाट्सएप पर मिला है, उनमें से पहला यहाँ पाठकों, लेखकों और आलोचकों, सभी के अवलोकनार्थ दिया जा रहा है। जैसे-जैसे अन्य अन्तर्पाठ प्राप्त होंगे, उन्हें एक शृंखला के रूप में शनै: शनै: यहाँ दिया जाता रहेगा। सबसे पहले प्रस्तुत है, बलराम अग्रवाल की लघुकथा 'बुधुआ' तथा उसका अन्तर्पाठ :
लघुकथा : बुधुआ
“आइए, खाना खाइए बाबू साहब।”
“खाओ-खाओ, लंच टाइम का मजा लो। मैं तो भाई कोठी के भीतर बैठूँगा थोड़ी देर। लू के थपेड़े अपन से बर्दाश्त नहीं होते।”
“...!”
“अच्छा, एक बात बता बुधुआ...”
“दो पूछिए बाबू साहब!”
“भाई, ये ईंटें ही ढोयी हैं उम्र-भर या प्यार भी किया है कभी?”
“किया तो नहीं; लेकिन...”
“लेकिन क्या?”
“हो गया था लड़कपन में...!”
“जिससे हुआ, उसे जताया भी कभी, या... ?”
“जताया भी और बताया भी; लेकिन...”
“लेकिन क्या?”
“प्यार था न बाबू साहब, शादी में तब्दील नहीं हो पाया कमबख्त।... यह बरगद देख रहे हैं?”
“हाँ!”
“बस इसी की तरह बढ़ता-फैलता रहा...। बाल-बच्चेदार हो गया हूँ, लेकिन रहता उसी के साये में हूँ। लू का दूर-दूर तक नामो-निशान नहीं। इतनी ठंडी बयार देता है कि... आत्मा हरी रहती है।”
पाठकीय अन्तर्पाठ
बुधुआ : भीतर का बरगद
'बुधुआ' संवादों में ही पूरी हो जाने वाली लघुकथा है। इसकी शुरुआत एक छोटे-से, लेकिन मानवीयता से भरे निमंत्रण से होती है—'आइए, खाना खाइए बाबू साहब!'
यह ग्रामीण संस्कृति का बिंब है, जहाँ अभाव में भी जो कुछ है, उसे मिल-बाँटकर खाने का भाव बचा रहता है। बुधुआ के पास ईंटें ढोने के बाद की सूखी रोटी है, फिर भी वह बाँटना चाहता है। इसके विपरीत बाबू साहब कहते हैं—'खाओ-खाओ, लंच टाइम का मजा लो। मैं तो भाई कोठी के भीतर बैठूँगा थोड़ी देर। लू के थपेड़े अपने से बर्दाश्त नहीं होते।'
'खाना' यहाँ 'लंच टाइम' हो गया है और आत्मीय निमंत्रण के जवाब में 'कोठी के भीतर' आराम की घोषणा है। वर्गभेद का अंतर इन्हीं दो प्रतिक्रियाओं में खुल जाता है—एक लू में जीता है, दूसरा लू से बचने के लिए कोठी तलाशता है।
इसके बाद लेखक बुधुआ के मनोभावों को त्रिबिंदु (...) और विस्मयसूचक चिह्न (!) के माध्यम से उभारते हैं। ये विराम-चिह्न महज भाषा की सजावट नहीं हैं। त्रिबिंदु वहाँ है जहाँ बुधुआ कहना चाहता है, लेकिन कह नहीं पाता; विस्मयसूचक वहाँ, जहाँ उसकी चुप्पी के भीतर बहुत कुछ घट रहा है। उसका अपमान, असहजता और जवाब न दे पाने की कसमसाहट इन चिह्नों के बीच पढ़ी जा सकती है। इस लघुकथा की डिकोडिंग विराम-चिह्नों की व्याख्या के बिना अधूरी रहेगी।
फिर बाबू साहब का प्रश्न आता है—'भाई, ये ईंटें ही ढोई है उम्र-भर या प्यार भी किया है कभी?' यह जिज्ञासा आत्मीय कम और अपने अधीनस्थ से मनोरंजन पाने की कोशिश अधिक लगती है। प्रेम का प्रश्न भी यहाँ बुधुआ के विश्राम के क्षण में एक और काम की तरह आ जाता है। बाबू साहब के लिए यह बातचीत का विषय है, जबकि बुधुआ के लिए जीवन का एक अनुभव।
बुधुआ का उत्तर है—'किया तो नहीं, लेकिन हो गया था लड़कपन में...!' इस 'हो गया था' में प्रेम का सहज दर्शन है। प्रेम कोई सुनियोजित कर्म नहीं, कभी-कभी जीवन में अनायास घटित होने वाला अनुभव है।
'जताया भी और बताया भी, लेकिन... प्यार था न बाबू साहब, शादी में तब्दील नहीं हो पाया कमबख्त।'
इस उत्तर में न कोई विलाप है, न प्रतिशोध। 'कमबख्त' कहकर वह जैसे जीवन की एक अधूरी रह गई बात को सहजता से स्वीकार कर लेता है। वह अपनी पुरानी प्रेमिका को पाने की इच्छा नहीं जता रहा, बल्कि उस प्रेम को याद कर रहा है जो उसके जीवन में कभी आया और आज भी उसके भीतर जीवित है। जीवन आगे बढ़ा, विवाह हुआ, बाल-बच्चे हुए, लेकिन प्रेम का वह अनुभव कहीं खोया नहीं।
और अंत में बुधुआ बरगद की ओर संकेत करता है—'यह बरगद देख रहे हैं? बस इसी तरह बढ़ता फैलता रहा... बाल बच्चे दार हो गया हूँ। लू का दूर-दूर तक नामो-निशान नहीं। इतनी ठंडी बयार देता है कि आत्मा हरी रहती है।'
बरगद यहाँ केवल वृक्ष नहीं, एक व्यापक प्रतीक है। उसकी दीर्घायु, फैलाव, गहरी जड़ें और शीतल छाया प्रेम के स्थायित्व और विस्तार का बोध कराते हैं। प्रेम का अर्थ केवल उसे पा लेना या विवाह में परिणत कर देना नहीं है। कभी-कभी उसका अपने भीतर जीवित रहना ही मनुष्य को आत्मिक समृद्धि देता है। यह प्रेम दैहिकता से परे हो सकता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि प्रेम और देह एक-दूसरे के विरोधी हैं। बुधुआ के लिए महत्त्वपूर्ण यह है कि प्रेम का अनुभव उसके जीवन को आज भी हरा रखे हुए है।
यहाँ एक सुंदर विरोधाभास उभरता है। बाबू साहब लू से बचने के लिए कोठी में जाते हैं, जबकि बुधुआ लू में रहते हुए भी अपने भीतर शीतलता अनुभव करता है। बाबू साहब के पास भौतिक सुविधा है, बुधुआ के पास जीवन को अर्थ देने वाला अपना आंतरिक संसार। वह सीधे कोई प्रतिवाद नहीं करता, लेकिन बरगद का उदाहरण देकर अपने ढंग से जवाब जरूर देता है।
कथा के आरंभ में बुधुआ सूखी रोटी बाँटना चाहता है और अंत में बरगद की ठंडी बयार का उल्लेख करता है। दोनों प्रसंगों में उसके व्यक्तित्व का एक ही गुण दिखाई देता है—अपने पास जो है, उसे दूसरों तक पहुँचाने की सहज इच्छा। बाबू साहब लू से बचने के लिए कोठी में शरण लेते हैं; बुधुआ स्वयं बरगद की तरह छाया और शीतलता देने की बात करता है।
यही इस लघुकथा का अनकहा है। बुधुआ के भीतर एक ऐसा बरगद है, जिसकी जड़ें उसके अतीत में हैं, शाखाएँ उसके वर्तमान में फैली हैं और जिसकी छाया में उसका जीवन आज भी हरा-भरा और शीतल है।
