Wednesday, 11 November 2026

लघुकथाओं का पाठकीय अन्तर्पाठ—2 / अरुण डनायक

अरुण डनायक

भारतीय स्टेट बैंक में सतर्कता विभाग के सहायक महाप्रबंधक पद से सेवानिवृत्त श्री अरुण डनायक जी साहित्य और साहित्यकार दोनों से भी जुड़े रहे हैं। वह म॰ प्र॰ की राजधानी भोपाल में रहते हैं और इन दिनों डॉ॰ अशोक भाटिया द्वारा सम्पादित लघुकथा संकलन 'कथा समय' से स्वयं द्वारा चुनी हुई 'लघुकथाओं का पाठकीय आलोचनात्मक अन्तर्पाठ' प्रस्तुत कर रहे हैं। यह उनकी सदाशयता ही है कि एक उच्च स्तरीय अन्तर्पाठ को वह 'पाठकीय' ही बता रहे हैं, स्वयं को लघुकथा आलोचना के शिखर पर बैठाने का दावा नहीं कर रहे। मुझे अभी तक उनकी ओर से जिन दो लघुकथाओं का अन्तर्पाठ वाट्सएप पर मिला है, उनमें दूसरा  यहाँ पाठकों, लेखकों और आलोचकों, सभी के अवलोकनार्थ दिया जा रहा है। जैसे-जैसे अन्य अन्तर्पाठ प्राप्त होंगे, उन्हें एक शृंखला के रूप में शनै: शनै: यहाँ दिया जाता रहेगा। सबसे पहले प्रस्तुत है, बलराम अग्रवाल की लघुकथा 'अलाव के इर्द-गिर्द' तथा उसका अन्तर्पाठ :

अलाव के इर्द-गिर्द

टखनों तक खेत में धँसे मिसरी ने सीधे खड़े होकर पानी से भरे अपने पूरे खेत पर निगाह डाली। नलकूप की नाली में बहते पानी में उसने हाथ-पाँव और फावड़े को धोया और श्यामा के बाद अपना खेत सींचने के इन्तजार में अलाव ताप रहे बदरू के पास जा बैठा।

“बोल भाई मिसरी, के रह्या थारे मामले में?” बदरू ने पूछा।

“सब ससुर धोखा।” अलाव के पास ही रखी बीड़ियों में से एक को सुलगाकर खेत भर जाने के प्रति कश-ब-कश आश्वस्त होता मिसरी बोला, “ई ससुर सुराज तो फिस्स हुई गया रे बदरू।”

“कउन सुराज…इस स्यामा का छोरा?”

“स्यामा का नहीं, गाँधी का छोरा…पिर्जातन्त!”

“मैंने तो पहले ही कह दिया था थारे को। ई कोर्ट-कचहरी का न्याय तो भैया पैसे वालों के हाथों में जा पहुँचा। सब बेकार।”

“गलती हुई रे बदरू। थारी जमीन हारने के बाद मैं कित्ता रोया था उसमें बैठकर।… और यही बात मैंने कही थी उस बखत, कि एका नहीं होगा तो थोड़ा-थोड़ा करके हर किसान का खेत चबा जाएगा चौधरी।” अलाव की आग को पतली-सी एक डण्डी से कुरेदते हुए बदरू बोला, “और आज ही बताए देता हूँ, थारे से निबटते ही इस स्यामा की जमीन पर गड़ेंगे उसके दाँत!”

बदरू की बात के साथ ही मिसरी की नजरें खेत सींचने में मस्त श्यामा पर जा पड़ीं। बित्ता-बित्ता भर जमीन अपनी होने के अहसास ने उन्हें आजाद-हैसियत का गर्व दे रखा है। इस गर्व को कायम रखने की ललक ने मिसरी के अन्दर से भय की सिहरन को बाहर निकाल फेंका।

“मुझे दे!” चिंगारी कुरेद रहे बदरू के हाथ से डण्डी को लेकर मिसरी ने जगह बनाई और फेफड़ों में पूरी हवा भरकर चार-छ: लम्बी फूँक अलाव की जड़ में झोंकीं। झरी हुई राख के सैंकड़ों चिन्दे हवा में उड़े और दूर जा गिरे। अलाव ने आग पकड़ ली।

कुहासे-भरी उस सर्द रात के तीसरे पहर लपटों के तीव्र प्रकाश में बदरू ने श्यामवर्ण मिसरी के ताँबई पड़ गए चेहरे को देखा और इर्द-गिर्द बिखरी पड़ी डंडियों-तीलियों को बीन-बीन कर अलाव में झोंकने लगा।

 पाठकीय पुनर्पाठ

अलाव के इर्द-गिर्द : प्रतिरोध की चेतना का विमर्श

अपने भीतर गहरे सामाजिक-राजनीतिक अर्थ समेटे यह लघुकथा ग्रामीण जीवन, किसान-चेतना, सामाजिक विखंडन और वर्गीय शोषण की समस्या को अत्यंत सघनता के साथ प्रस्तुत करती है। “यह केवल किसान-जीवन की कठिनाइयों और आर्थिक त्रासदी की कथा नहीं है, बल्कि उस विडम्बना को भी उजागर करती है कि जो किसान आपस में सहयोग और अनुशासन बनाए रख सकते हैं, वे अपने सामूहिक हितों की रक्षा के लिए संगठित क्यों नहीं हो पाते।

कथा की शुरुआत खेत से होती है। टखनों तक पानी में धँसा मिसरी अपना खेत सींचकर अलाव ताप रहे बदरू के पास आ बैठता है। श्यामा अभी खेत सींचने में व्यस्त है। तीनों किसानों के बीच रिश्तेदारी का कोई उल्लेख नहीं है, फिर भी नलकूप से सिंचाई के लिए वे अपनी-अपनी बारी की प्रतीक्षा करते हैं। यहाँ किसी प्रकार की छीना-झपटी या विवाद नहीं है। यह ग्रामीण समाज में मौजूद सहयोग और सामंजस्य की भावना का परिचायक है। किन्तु यही सामंजस्य तब दिखाई नहीं देता जब चौधरी जैसे शक्तिशाली लोग किसानों की ज़मीन हड़पते हैं। किसान सिंचाई के लिए तो क्रमबद्ध रह सकते हैं, पर अपने अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट नहीं हो पाते। यही इस लघुकथा का मूल प्रश्न है।

कथा का केंद्र अलाव के पास बैठकर होने वाला मिसरी और बदरू का संवाद है। बातचीत धीरे-धीरे व्यक्तिगत अनुभवों से निकलकर लोकतंत्र, न्याय-व्यवस्था और किसान-एकता के प्रश्न तक पहुँच जाती है। मिसरी का यह कहना कि "ई ससुर सुराज तो फिस्स हुई गया" लोकतांत्रिक व्यवस्था से उसकी गहरी निराशा को व्यक्त करता है। जब बदरू पूछता है, "कउन सुराज... इस स्यामा का छोरा?" तब मिसरी स्पष्ट करता है, "स्यामा का नहीं, गाँधी का छोरा... पिर्जातन्त!" इन छोटे-छोटे संवादों में कथा का तीखा व्यंग्य निहित है। श्यामा के बेटे का नाम सुराज है, लेकिन गांधीजी के सपनों का भारत अब भी एक अधूरा सपना है। लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था की विफलताओं पर यह व्यंग्य किसी शिक्षित राजनीतिक विश्लेषक का नहीं, बल्कि एक अशिक्षित ग्रामीण किसान का है। यह इस विडंबना को भी उजागर करता है कि व्यवस्था की खामियों को समझने के लिए किताबी शिक्षा अनिवार्य नहीं है; जीवन के अनुभव भी राजनीतिक चेतना पैदा करते हैं। "पिर्जातन्त" जैसा बिगड़ा हुआ उच्चारण मात्र भाषिक विशेषता नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर किसान की कटु टिप्पणी है जिससे उसे न्याय की अपेक्षा थी।

कृषि-योग्य भूमि यहाँ केवल संपत्ति नहीं, बल्कि किसान की स्वतंत्रता और आत्मसम्मान का प्रतीक है। श्यामा को अपनी थोड़ी-सी ज़मीन पर भी गर्व है क्योंकि वही उसकी हैसियत और स्वाधीनता का आधार है। ज़मीन का छिन जाना केवल आर्थिक क्षति नहीं, बल्कि अस्तित्व पर आघात है। इसी संदर्भ में बदरू का अनुभव महत्वपूर्ण हो उठता है। उसकी भूमि पहले ही चौधरी की चालबाजी से छिन चुकी है और अब मिसरी भी उसी खतरे से जूझ रहा है। बदरू की यह चेतावनी कि "एका नहीं होगा तो थोड़ा-थोड़ा करके हर किसान का खेत चबा जाएगा चौधरी" कथा का केंद्रीय विचार बन जाती है। यहाँ चौधरी किसी एक व्यक्ति का नाम नहीं रह जाता; वह उस सामंती और आर्थिक शक्ति का प्रतीक बन जाता है जो किसानों के बिखराव का लाभ उठाती है।

मिसरी का चरित्र प्रारंभ में हताश और निराश किसान का है। अदालतों और मुकदमों के अनुभव ने उसके भीतर व्यवस्था के प्रति अविश्वास भर दिया है। उसे लगता है कि न्याय पैसे वालों के पक्ष में खड़ा है। दूसरी ओर बदरू व्यक्तिगत हार के बावजूद परिस्थितियों को व्यापक सामाजिक संदर्भ में समझने वाला पात्र है। वह केवल अपनी पीड़ा नहीं देखता, बल्कि किसानों की सामूहिक कमजोरी को भी पहचानता है। एक अर्थ में मिसरी और बदरू के माध्यम से किसान-जीवन में व्याप्त निराशा और संघर्ष के दो मनोभाव सामने आते हैं। कथा के मध्य में बदरू की पुरानी चेतावनी, श्यामा के मन में अपनी जमीन के मालिकाना हक से उपजा गर्व और उस पर चौधरी की नजर से पैदा हुई आशंका—ये सब मिलकर मिसरी के भीतर भी एक नई समझ और प्रतिरोध की भावना जगाते हैं। उसके चरित्र में आया यह बदलाव बलराम अग्रवाल ने अलाव के दृश्य के माध्यम से बड़ी कुशलता से व्यक्त किया है। अब तक बदरू अकेला अलाव कुरेद रहा था, लेकिन मिसरी भी उसके हाथ से डंडी लेकर अलाव कुरेदने लगता है और पूरी ताकत से उसमें फूँक मारता है। इस दृश्य में दोनों की सक्रिय भागीदारी एक नई साझी चेतना का संकेत देती है। अब प्रतिरोध का भाव केवल बदरू तक सीमित नहीं रह जाता, मिसरी भी उसमें सहभागी हो जाता है।

लघुकथा का सबसे प्रभावशाली प्रतीक अलाव है। यह केवल सर्दी से बचने का साधन नहीं, बल्कि सामूहिक चेतना, प्रतिरोध और संघर्ष का प्रतीक है। राख के नीचे दबी आग उस सामूहिक शक्ति का बिंब है, जो दब तो सकती है, लेकिन पूरी तरह बुझती नहीं। कथा का शिल्प विशेष रूप से इस दृश्य में उभरता है। बदरू का अलाव कुरेदना, मिसरी का उसमें फूँक मारना, राख के चिंदों का उड़ना और फिर बदरू का आसपास बिखरी तीलियों तथा डंडियों को बीनकर उसमें डालना—ये चारों क्रियाएँ अर्थगर्भित हैं। अलाव कुरेदना मानो दबे हुए जख्मों को फिर से हरा करना है, जिससे शोषण और अन्याय के पुराने प्रसंग स्मृति में उभरने लगते हैं। फूँक मारना भीतर दबी ऊर्जा को सक्रिय करने का संकेत है, जबकि राख के चिंदों का उड़ना सुषुप्त चेतना पर जमी निष्क्रियता की परतों के हटने का प्रतीक है। अंततः बिखरी तीलियों और डंडियों को एकत्र कर अलाव में डालना संगठन और एकता का रूपक बन जाता है। अलग-अलग पड़ी तीलियाँ अलाव की आग को देर तक बनाए नहीं रख सकतीं, लेकिन एक साथ मिलकर वे उसे फिर से सुलगा सकती हैं।

कथा की भाषा इसकी बड़ी शक्ति है। हरियाणवी-प्रभावित ग्रामीण बोलचाल कथ्य को प्रामाणिकता प्रदान करती है। "के रह्या थारे मामले में?", "सब ससुर धोखा!" और "ई ससुर सुराज तो फिस्स हुई गया" जैसे संवाद पात्रों और उनके परिवेश को जीवंत कर देते हैं। यहाँ बोली केवल रंग भरने का साधन नहीं, बल्कि किसान की चेतना और अनुभव का वाहक है। कथा संवाद-प्रधान है और लेखक ने प्रत्यक्ष वैचारिक टिप्पणी से बचते हुए पात्रों की बातचीत के माध्यम से सामाजिक यथार्थ को उद्घाटित किया है। विशेष रूप से अंत की सांकेतिकता कथा को उपदेशात्मक होने से बचाती है और पाठक को स्वयं अर्थ ग्रहण करने का अवसर देती है।

शीर्षक "अलाव के इर्द-गिर्द" अत्यंत सार्थक है। पूरी कथा भले ही अलाव के आसपास घटित होती हो, लेकिन उसके इर्द-गिर्द केवल तीन किसान नहीं, बल्कि किसान-जीवन की समस्याएँ, लोकतांत्रिक व्यवस्था की विफलताएँ और सामूहिक प्रतिरोध की संभावनाएँ भी उपस्थित हैं।

"अलाव के इर्द-गिर्द" एक उत्कृष्ट प्रतीकात्मक लघुकथा है । लेखक का संदेश स्पष्ट है कि शोषित वर्ग की चेतना भले ही दब जाए, पर यदि वह संगठित हो जाए तो परिवर्तन की शक्ति बन सकती है। अलाव की आग किसी एक व्यक्ति की फूँक से नहीं, सबकी तीलियों से जलती है। यही इस लघुकथा का केंद्रीय संदेश है कि बिखराव शोषण को जन्म देता है, जबकि एकता प्रतिरोध और परिवर्तन की संभावना को।

No comments: