Monday, 1 July 2013

भगीरथ की लघुकथाएँ

हक़

                  चित्र : बलराम अग्रवाल, साभार
“पिता की सम्पत्ति में अब पुत्रियों का भी वही हक़ है जो पुत्रों का है। क़ानून ने अब स्त्री-पुरुषों को बराबर का अधिकार दिया है।” पति अपनी पत्नी को समझा रहा था, “पिताजी की सम्पत्ति में जो तुम्हारा हिस्सा है, उसका दावा है यह!” यों कहते हुए उसने कोर्ट-केस के पेपर्स पत्नी के सामने रख दिये। पत्नी सोच में पड़ गयी।
“क्या चाहते हो तुम?”
“इस पर दस्तख़त कर दो बस, बाकी मैं देख लूँगा।”
“हूँ, तो तुम देख लोगे! क्या देख लोगे?”
“तुम बेकार ही तैश में आ रही हो। तुम केवल अपना हक़ माँग रही हो।”
“दहेज में तुमने एक लाख रुपया लिया। माल लिया, सो अलग; जिसे तुमने निठल्ले बैठकर हजम कर दिया।”
“सीमा! प्लीज़, समझने की कोशिश करो। तुम तो केवल अपना हक़…”
“हक़! वाह खूब। हक़ माँगना मैं तुमसे सीखूँगी! अच्छा बताओ, दहेज़ लेना तुम्हारा हक़ था?”
“वो छोड़ो, पुरानी बात में क्या रखा है। दहेज तो रस्म है और समाज में अपनी इज्ज़त रखने के लिए हर कोई दहेज देता है।”
“मेरे पिता को लूटने की यह नई तरकीब है। मैं हरगिज़ दस्तख़त नहीं करूँगी।” और उसने काग़ज़ फाड़कर फेंक दिये।
“तुम बेकार ताव खा रही हो, ज़रा समझने की कोशिश करो। आज हम अभावों से जूझ रहे हैं। अगर कुछ इन्तज़ाम नहीं करते तो निश्चित है, बहुत बुरे दिन देखने होंगे।”
अभावों का आकाश खुलते ही सीमा के तेवर ढीले पड़ गये। वह समझौता करने पर तैयार हो गयी। धीमे स्वर में बोली, “लेकिन इससे हमारे सम्बन्धों में ज़हर घुल जायेगा। मैं इतना बड़ा पहाड़ अपने सीने पर रखकर जी नहीं सकूँगी।”
“अरे, सम्बन्धों का क्या! आज बिगड़े, कल ठीक।”
“इतने हल्के स्तर पर मत लो मेरी बात।”
“नहीं, मैं गम्भीर हूँ। प्रगतिशील नारी का कर्तव्य है कि…”
“तुम्हारे-जैसा नाकारा आदमी प्रगतिशीलता की बात करता है, और शर्म भी नहीं आती!!!” पत्नी फिर तैश में आ गयी, “तुम्हें पैसा चाहिए? एक काम करो—जितना माल और पैसा अब तक तुमने मेरे पिता से लिया है, उसका हिसाब कर, दावे की रकम में से घटा दो; फिर मैं हस्ताक्षर कर दूँगी। बाप-बेटी और भाई-बहन के सम्बन्धों को तिलांजलि दे दूँगी।”
“तुमने यह सब बाकी निकलवा दिया तो बचेगा क्या? अच्छा यह सब छोड़ो, पिताजी से कहकर मुझे यहाँ धन्धा खुलवा दो।”
“धन्धे के लक्षण होते तो यह नौबत ही क्यों आती? ऐसा करो, मेरा गला घोंट दो, बच्चों को चम्बल में डुबो दो। फिर एक-और शादी करना। उसका माल मिले, उससे धन्धा खोल लेना। बस, इससे ज्यादा मैं कुछ नहीं कर सकती।”
अब वहाँ चुप्पी पसर गयी थी। ***



कनविंस करने की बात
“देखती हूँ, तुम मुझसे उखड़े-उखड़े रहते हो!”
   
                      चित्र : बलराम अग्रवाल, साभार
  
“तुमसे? नहीं तो।”
      “फिर क्या बात है? बताओ भी।”
      “पिछला कॉन्ट्रेक्ट खत्म हुए सालभर होने को आया है और अब कोई कॉन्ट्रेक्ट हाथ में नहीं है।”
      “मिल जाएगा, इतना निराश क्यों होते हो। प्रोपर्टी से आमदनी हो ही जाती है।”
      “नहीं, इस बार कॉन्ट्रेक्ट मुझे ही मिलना चाहिए। नब्बे लाख का कॉन्ट्रेक्ट है। यह कॉन्ट्रेक्ट मिल गया तो मेरी हैसियत बढ़ जायेगी।”
      “बताओ, मैं क्या मदद कर सकती हूँ।”
      “मैं यही तो चाहता हूँ कि तुम मेरी मदद करो। आइ-कैम्प लगाने के बारे में कल लायंस क्लब की मीटिंग है, इनिशियेटिव लेकर चीफ इंजीनियर से बात करना। उन्हें कनविंस करना कि यह कॉन्ट्रेक्ट मुझे मिले। चन्दा देने का पूरा आश्वासन दे देना। एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफीसर को तो मैं सँभाल लूँगा। मिस्टर खण्डेलवाल भी इस ठेके पर जोर दे रहे हैं। ठेकेदारी में मुझसे दस साल जूनियर है, लेकिन अफसरों की मदद से कहाँ-से-कहाँ तक पहुँच गया। अब वह गरीबों की मदद के लिए मेडिकल कैम्प लगा रहा है, चाहे उसकी लेबर को एस्प्रो की गोली भी नहीं मिलती हो।”
      “मैं कोशिश करूँगी, लेकिन तुम इतना परेशान क्यों होते हो?”
      “खण्डेलवाल मुझे मटियामेट करने पर तुला है, लेकिन मैं भी बच्चू को छोड़ूँगा नहीं। देखो, यह अखबार देखा है! एकदम सेन्सेशनल। मैं पीछे न पड़ता तो इस बात का पता ही नहीं लगता। मैंने तो पूरे फोटो और टेप भी तैयार कर रखे हैं।”
      खबर यों भी : ठेकेदार खण्डेलवाल और कम्पनी के बड़े अफसर कम्पनी के गेस्ट हाउस में एक कॉल-गर्ल के साथ संदिग्ध हालत में पाये गये। सुना जाता है कि ठेकेदार, ठेका प्राप्त करने के सिलसिले में एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफीसर का मनोरंजन कर रहे थे।
      “बड़े ठेकेदार बनते हैं और करते हैं भड़वागीरी!” वह उत्तेजित हो बोली।
      “यह धन्धा बढ़ाने की तरकीब है, पैसे तो सभी देते हैं, लेकिन जो अफसरों को बेडरूम में नंगा कर लेता है, उसकी तो पाँचों उँगलियाँ घी में हैं।”
      “यानी तुम मुझे कॉल-गर्ल वाला काम दे रहे हो?”
      “नहीं सुधा, जरा कनविंस करने की बात है! समझा करो, नब्बे लाख का ठेका है!! जरा हँस-बोल लोगी तो तुम्हारा क्या घिस जायेगा।”
      कितने ठण्डे दिल से बोल गया वह। सुधा की सिसकियाँ थमने का नाम नहीं ले रही थीं।***
मूल नाम : भगीरथ परिहार
संपर्क : 228, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, नया बाज़ार, रावतभाटा-323305 (वाया कोटा) राजस्थान
मोबाइल : 09414317654

Tuesday, 25 June 2013

औरत/युगल



 दोस्तो, युगल हिन्दी लघुकथा के प्रतिष्ठित हस्ताक्षर हैं। 'जनगाथा' के इस अंक में उनकी यह लघुकथा ससम्मान प्रस्तुत है। अपनी बेबाक टिप्पणी अवश्य दें:
                                    चित्र : बलराम अग्रवाल
वह उनकी शादी की रात थी। शादी क्या? औरत ने पहले पति का सिन्दूर धो डाला था और इस नये मर्द ने माँग भर दी थी। औरत चटाई पर दीवार का सहारा लिए बैठी थी। मटमैली साड़ी का आँचल सिर से सरककर गोद में पड़ा था। जो ब्लाउज़ उसने चार उसने चार दिनों पहले पहना था, आज भी पहने थी। लेकिन माँग में डाला गया सिन्दूर चमक रहा था। मर्द आया तो उसने आँख उठाकर उसे देखा। मर्द ने भी दीये की रोशनी में उसे देखा और उसकी भरी-पूरी छातियों पर उसकी नज़र टिक गयी। पास आकर बैठ गया और औरत को खींचकर अपने आग़ोश में कर लिया। मर्द ने ब्लाउज़ में हाथ दिया तो औरत बोली—“छोड़ दो, दु:ख रहा है। कमीने ने छातियों में काँटे चुभोये हैं और दरिन्दे की तरह मरोड़ा है। तुम्हारे लगाकर गालियाँ दी हैं। छातियाँ फूली हुई हैं।”
      मर्द का हाथ आप-ही-आप खिसक आया। जाने क्या सोचता रहा! फिर उसने उसकी जाँघ पर से कपड़े हटाये। पिंडलियों पर और जाँघों पर नीले फूले कई दाग़ उभरे थे। नंगी जाँघ पर जब मर्द का हाथ पड़ा तो वह दर्द से चिहुँक उठी। मर्द बोला—“वह मर्द है या कस्साई!…हरामी!!” यह गाली मर्द ने दूर अलक्ष्य में फेंकी थी—औरत के पहले पति की ओर। जाँघ पर कपड़ा बहुत ऊपर तक हट गया था और मर्द के भीतर कनकनाहट भर रही थी। फि न जाने क्या सोचकर उसने जाँघ ढँक दी।
      औरत ने मर्द को पसीजती नज़रों से देखा—“तुम्हारा मन है तो…”
      मर्द कुछ ठीक निर्णय  नहीं ले पा रहा था। तभी दरवाज़ा भड़भड़ा उठा—“खोल रे कुत्ते की औलाद! शेर का शिकार कुत्ता नहीं पाता!”
      भीतर से मर्द बोला—“तुमने तो मार-मार के इसे निकाल दिया है। अब यह मेरी औरत है। चुपचाप चला जा यहाँ से।” उसने दीया बुझा दिया। हाथ में कुदाल लेकर तैयार हो गया।
      बाहर वाला आदमी दरवाज़ा तोड़कर अन्दर आ गया। अन्दर अँधेरे में उसे कुछ दिखा नहीं। तभी कुदाल का एक भरपूर वार उसके कन्धे पर पड़ा। वह ‘हाय’ कर वहीं गिर गया।
      मर्द ने औरत का हाथ पकड़कर खींचा कि चलो, भाग चलें। औरत ने मर्द का हाथ झटक दिया—“हाय! यह तूने क्या कर दिया? यह तो मेरा ब्याहता था।”
      मर्द बोला—“अगर मैं नहीं करता तो यह मेरे साथ यही करता। उसके हाथ में कट्टा था।” और मर्द औरत को घसीटता हुआ ले गया। औरत रोती जाती थी। उसका एक ब्याहता आगे था और एक पीछे, जिस ओर वह बार-बार देख रही थी।
कथाकार का मूल नाम : युगल किशोर
जन्म : 1925 की दीपावली
प्रकाशित कृतियाँ : पाँच लघुकथा संग्रह, तीन उपन्यास, तीन कहानी संग्रह, तीन नाटक, दो निबंध संग्रह
संपर्क : मोहिउद्दीनपुर(समस्तीपुर), बिहार-848501 मो॰ : 09631361689

Thursday, 30 May 2013

दिन......अपने लिए/शोभा रस्तोगी



 दोस्तो, 'जनगाथा' पर कई माह बाद कोई रचना डाल पा रहा हूँ और इसका श्रेय शोभा रस्तोगी की इस बेहतरीन लघुकथा 'दिन…अपने लिए' को है। शोभा रस्तोगी को आप 'जनगाथा' में पहले भी पढ़ और सराह चुके हैं। उनके फोटो व परिचय के लिए http://jangatha.blogspot.in/2012/08/blog-post_27.html पर क्लिक करें। बाकी बातें बाद में, सबसे पहले पढ़िए यह लघुकथा :
आज उसका मन बहुत उदास था। अकेला था। पति चार-रोज टूर पर थे। अपनी भी तीन दिवसीय छुट्टी थी। बच्चे हॉस्टल में थे। बर्तन सफाई निबटा मेड भी निकल ली थी। हाँ, अपने कई काम पेंडिंग पड़े थे। नौकरीपेशा औरतों के काम सदा लटके ही रहते हैं। एक को पूरा करते न करते चार नए खड़े हो जाते। मेहमान, बाज़ार, ऑफिस वर्क, थकान ...छुटपुट तो निबटाती रहती। 
किचन में जा घुसी।  सोचा—आज अपने मन का कुछ बनाऊँ। दूसरों की फरमाइश तले अपना हो ही नहीं पाता कभी। 
            क्या बनाऊं....डोसा, इडली…..कौन करे इत्ता झंझट। पूरी आलू बनाऊँ….? फ्राइड? गैस प्रॉब्लम ..फिर दाल चावल ...वही रोज का?..क्या फिर?  भेलपूरी ..ब्रेड पिज़्ज़ा ..ठीक है। यही सही है ......? एक जने के लिए क्यों पसारा फैलाऊँ? ...ब्रेड पे बटर- जैम की कोटिंग ही जँचेगी। दूध के साथ मस्त रहेगा। चार पल आराम नाल बैठ। ....... कभी खुद से खुद की बात  की है ?...... दिया है अपने को अपना साथ? ...... फुर्सत से निहारा है स्वयं को?....नहीं न ...? तो आज यही सही ...सेल्फ डे  मनाया जाए। 
            दूध-ब्रेड ले टी. वी. खोला। वही—सास बहू के फैशनपरस्त सीरियल्स....ऊँह .....न्यूज लगाती है। हत्या, लूटपाट, रेप, दलाली....मंत्री गिरफ़्तार...जाँच कमेटी .....'ओह ..मुआ कुछ तो ढंग का दिखाओ ... ' ऑफ कर देती है। डी. वी. डी. पर फिल्म लगाती है----कौन सी लगाऊं? ...ये या वो ....बच्चों वाली ? ..न ...न ...। फिर ये ....ओए ..मेरे ये मूवी देखने के दिन रह गए हैं क्या ? ..धार्मिक ? न ..न ....न ... ।
मूवी भी फुल स्टॉप । 
ए. सी . में ब्रेड सूख गयी। कौन उठे? पति, बच्चे  होते तो दस बार रसोई- कमरे की परिक्रमा लगा ली होती। अपने लिए ..?  मोड़-तोड़, ठंडे-ठार दूध में डुबो सूखी ब्रेड निगल लेती है। भर गया पेट ...ये मुआ पेट भी जरूरी था लगना? ...चल ..थोडा सुस्ता लूं। पैर फैलाकर दीवान पर धकेल देती है खुद को। आज नींद भी छुट्टी पर है। .......उठ खड़ी होती है। मेन गेट खोलती है। थोड़ी देर वहीँ खड़ी रह बैठ जाती है। आसपास कोई मानुष दृष्टिगोचर नहीं होता।  सब व्यस्त हैं। अपने से दूर ..अपने लिए कोई खाली नहीं। सोचती है—काम बिना जिन्दगी इत्ती नीरस? काम में खटते तो फुर्सत की चाह ..और अब…?
            दूर सड़क तक निगाह फेंकती है। किनारे, पेड़ के नीचे एक औरत शायद कुछ बेच रही है। क्या दे रही होगी? हट परे .... मुझे क्या? मेरे घर में किस चीज की कमी है ? कीमती ..ऐशोआराम ....सब कुछ। कोई चहल - पहल नहीं।  यदाकदा कोई गाड़ी जरूर निकलती है धूल-धुँआ उड़ाते हुए। .... उठकर गेट को ताला लगाती है। चल पड़ती है उस औरत के पास । 
'अरी! क्या दे रही है?'
'सूती धागन ते हाथ को पंखा बनाय बेचत ऊँ।' 
'इन पंखों की यहाँ किसे जरूरत है? इस पॉश कालोनी में ए. सी. है, जेनरेटर है, कौन झलेगा इन्हें?'
'ठीक कही। पर एक बीबीजी हते। ...इतई रहत एं ...बिनके कछु काम हते इनको .... सो बेई लेवेंगी।'
'अच्छा!'  कह वहीँ पड़ी ईंट पे फूँक से धूल हटा बैठ जाती है। 
'बड़ी ठंडी हवा लग रही है यहाँ तो ।'
'और का बीबीजी। हमारे काजऊ भगवन ने ए. सी. लगाय दियो है।' दोनों हँस पड़ती हैं। 
कितने दिन पीछे हँसी है आज। अपनी ही हँसी अजनबी लगी उसे। फिर हँसी वह......फिर हँसी। अपनी हँसी को पहचान रही थी। 
'चल मुझे भी सिखा तो…'
'आप का करोई जाय सीख कै?'
'ऐसेई। बहुत जल्दी सीखती हूँ मैं।' और वाकई थोड़ी देर में ...'देखा? बना दिया न तेरा पंखा।' 
'सच्ची में बीबीजी ...आप तो हुसियार हतो।'
'पानी पिएगी? ठंडा है फ्रिज का।’ 
'नाय। मेरी तो जे सुराही ही ठंडो पानी कत्तै।'
'इसका पानी ठंडा?'
'फ़रीज जैसो तो नाय पर गरम ना रहबे ।'
'जरा पिला तो…'
हथेली-ओख से सुराही का पानी पीती है । 
'कल भी बैठेगी ?'
'मै तो रोजई बैठत हूँ।'
'चल फिर छुट्टी तेरे साथ। पंखे बनाएँगे दोनों। मेरा बनाया पंखा मुझे दे। ...खर्च बता देना ...चलती हूँ ।' 
हल्के मन पंखों से उड़ती बिस्तर पे आ बैठी। पड़ते ही नींद ने लपक लिया उसे। एक खुशनुमा नींद ने।

Tuesday, 9 October 2012

'साहित्यिकी' का हस्तलिखित लघुकथा विशेषांक



दोस्तो, इस बार बंगलौर गया तो वहाँ रह रहे दो पुराने साहित्यिक मित्रों से भी भेंट का सुअवसर मिला—भाई राजेश उत्साही और दीदी सुधा भार्गव से। इन दोनों के अलावा दो नये मित्रों से भी मुलाकात हुई— ‘एकलव्‍य’ के शिवनारायण गौर और अज़ीम प्रेमजी यूनिवर्सिटी की छात्रा प्रियंका गोस्‍वामी से। इस बार अपना कैमरा साथ नहीं लेजा सके थे, इसलिए सभी की संयुक्त फोटो खींचने से चूक गये।
'साहित्यिकी' के हस्तलिखित लघुकथा विशेषांक का मुखपृष्ठ सौजन्य :श्रीमती सुधा भार्गव, बंगलौर
सुधा जी के आवास पर कु्छ पुस्तकें और पत्रिकाएँ भी देखने को मिलीं जिनमें पता नहीं कितने वर्षों से प्रकाशित हो रही ‘कोलकाता की बुद्धिजीवी स्त्रियों’ के मंच ‘साहित्यिकी’ की  हस्तलिखित पत्रिका ‘साहित्यिकी’ के लघुकथा विशेषांक (जुलाई 2010, अंक 18) ने मुझे एकदम से आकर्षित किया। इस अंक की संपादक द्वय हैं—रेवा जाजोदिया और गीता दुबे तथा विशेष सहयोग दिया है—संस्था की सचिव किरण सिपानी ने। संपादकीय, किरण सिवानी द्वारा लिखित ‘अपनी बात’, पाठकों का पन्ना तथा  कृषक भारती को-ऑपरेटिव की विपणन प्रबंधक श्रीमती शालिनी माथुर से साक्षात्कार के साथ ही इस अंक में 30 महिला कथाकारों की 30 लघुकथाएँ उनकी हस्तलिपि में दी गई हैं।
इस श्रमसाध्य साहित्यिक प्रयास की जितनी प्रशंसा की जाय, कम है। संपादक द्वय से संपर्क का पता आपकी सुविधा के लिए नीचे दे रहा हूँ। अंक का लिखित मूल्य मात्र रु॰ 20/- है जिसे मँगाने के लिए पहले फोन से सम्पर्क कर लें तब राशि भेजें।
1॰ रेवा जाजोदिया, ‘प्राची’, 57/1, कालीतल्ला लिंक रोड, उत्तर पूर्वांचल, कोलकाता-700078 दूरभाष: 24847936
2॰ गीता दुबे, पूजा अपार्टमेंट्स, 58ए/9, प्रिंस गुलाम सेन शाह रोड, पो॰ कोलकाता-700032 दूरभाष : 24143160

वेदप्रकाश अमिताभ का लघुकथा संग्रह 'गुलामी'

डॉ॰ वेदप्रकाश अमिताभ का पहला लघुकथा संग्रह

बंगलौर से लौटकर घर आया तो सबसे पहले गत एक माह में आयी डाक को देखना-परखना शुरू किया। उस बहुत-सी सामग्री में जो उल्लेखनीय कृति सामने आयी, वह थी सुपरिचित लेखक-आलोचक डॉ॰ वेदप्रकाश अमिताभ की 31 लघुकथाओं का संग्रह ‘गुलामी’। कवर पृष्ठों सहित 44 पृष्ठों की इस नन्ही पुस्तिका का मूल्य मात्र 30 रुपए रखा गया है, शायद दिखानेभर के लिए। इन लघुकथाओं पर पुस्तिका के दोनों भीतरी कवर पृष्ठों पर डॉ॰ रमेशचन्द्र शर्मा व डॉ॰ देवेन्द्र कुमार की बड़ी सारगर्भित टिप्पणियाँ हैं। कवर डिज़ाइन राघवेन्द्र तिवारी ने तैयार किया है तथा भीतरी लघुकथाओं को अपने रेखांकनों से सजाया है कथाकार-चित्रकार भाई राजेन्द्र परदेसी ने।

      यद्यपि ‘अपनी बात’ में अमिताभ जी ने लिखा है कि ‘लघुकथा मेरी मुख्य विधा नहीं है’ तथापि संग्रह की अनेक रचनाओं को पढ़कर लगता यही है कि उन्हें लघुकथा विधा को स्वयं के लेखन-कौशल से वंचित रखना नहीं चाहिए। उक्त संग्रह से प्रस्तुत है एक ऐसी संवेदनशील लघुकथा ‘सवाल’, जो सामाजिक विसंगतियों से आहत बालमन की ध्वंसात्मक स्थिति को पूरी गहराई के साथ सामने रखती है:

“भूकंप क्या होता है पापा?”
      बेटी अपनी किताब को भात से चिपका रही थी। कई दिन से भूकंप की चर्चा सुनकर तंग आ गयी थी कि जाने क्या बला है भूकम्प? वैसे भी बहुत सवाल पूछती है। कभी पूछती है कि हमारे पास कलर टीवी क्यों नहीं है? कभी जानना चाहती है कि हमारा अपना घर क्यों नहीं है? सामने वालों की कोठी इतनी बड़ी, ऊँची और सुन्दर क्यों है? आदि-आदि।
पिता ने अपनी समझ के अनुसार भूकम्प का वर्णन करते हुए कहा—“भूकम्प में धरती हिलती है। बड़े-बड़े मकान गिर जाते हैं। सब कीमती सामान टूट-फूट जाते हैं। बहुत-से लोग…”
पिता की बात खत्म होने पर बिटिया ने एक बार सामने वाली कोठी की ओर देखा औए एक नया सवाल दाग़ दिया—“भूकम्प हमारे मुहल्ले में क्यों नहीं आता पापा?”
वेदप्रकाश अमिताभ से सम्पर्क का पता:डी-131, रमेश विहार, अलीगढ़-202010 (ऊ॰प्र॰), मोबाइल: 09837004113
 

Monday, 27 August 2012

शोभा रस्तोगी 'शोभा' की लघुकथाएँ

दोस्तो, 'जनगाथा' पर बहुत समय बाद तपन शर्मा की एक लघुकथा 'शवयात्रा' गत दिनों पोस्ट की थी। इस बार प्रस्तुत हैं--शोभा रस्तोगी 'शोभा' की चार लघुकथाएँ:

गन्दा आदमी 
डेली पैसेंजरी करते एक अरसा हो गया| रोज वही चेहरे, ट्रेन,सीटी, भाग-दौड़| पाँच की बर्थ पर आठ-नौ व्यक्ति| पचास ग्राम जगह भी मिल जाए तो समझो किस्मत चमकी| ट्रेन की रफ़्तार पकड़ते ही निद्रा देवी का राज शुरू| झपकी आना...सिरों का लुढ़कना...लार निकलना...| मर्दों से आधा किलोमीटर दूर रहनेवाली ने भी उनसे सटके बैठना सीख लिया| क्या करे? कब तक खड़ी रहे? रोज का काम| शरीर टूटता अलग|
आज भी वही मुच्छड़ गन्दा चिपचिपा सा आदमी उसकी बगल में बैठा था| झपकी आने पर  धूल भरा सिर उसके कंधे से टकराएगा| वह घृणा से झटक देगी| फिर वह माफ़ी भरी आँखों से देखेगा| उफ़! जाने रात को इन्हें नींद क्यों नहीं आती? उसे खुद  कभी ट्रेन में नींद नहीं आती|
रात बिटिया को बुखार था| उसकी नींद भी पूरी न हुई| ऑफिस में भी काम पर काम| लगी रही दिन भर| बाहर देखते-देखते पता नहीं कब झपकी ने आँखों को  थपकी दी| अगले स्टेशन पर जोरदार आवाज़ से उसकी नींद टूटी तो पाया ...ओह! उसका अपना सिर इस गंदे आदमी के कंधे पर...ओह गाड! नो,नो ..इम्पोसिबल ...बट इट हेज़ हेप्पंड़ न| सॉरी| कहना पड़ा गंदे आदमी को|' कोई बात नहीं बहन| थकान की नींद ऐसी ही होती है|'
अब वह अपने आप से नज़रें चुरा रही थी|
------
क़त्ल किसका 
दंगे भड़क उठे थे| सांप्रदायिक तत्व कार्यशील थे| कत्ले-आम आम हो गया| बी.एस.एफ. की गाड़ियाँ दनादन रौन्दाई गईं| कर्फ्यू का ऐलान| भग्गी मच गयी| लोग जहाँ-तहा पनाह लेने लगे| आँखों से विश्वास उतरकर बन्दूक, चाकू पर आ  गया| भीड़ छँटते ही सड़क नंगी हो गयी| पुलिया के नजदीक एक आदमी खून से लथपथ मृत पड़ा था| तहकीकात हुई| कोई वारिस नहीं| किसी संप्रदाय का कोई चिन्ह नहीं| कानाफूंसी होने लगी--किसका खून हुआ? 
सब आदमी पर लगे सांप्रदायिक लेबल ढूँढते रहे| 
क़त्ल आदमी का हुआ| यह कोई समझ न पाया|
--------
उजाला
ढोल-नगाड़ों की चाहत रखने वाली दादी के माथे पर अनगिनत शिकनें धमाचौकड़ी मचा रही थीं | एक तो पोती का जन्म, उस पर बहू का कुआँ पूजने का ऐलान| सिर सौ-सौ मन भारी हुआ जा रहा था| कौन-सा मुँह  दिखाएगी--जात-बिरादरी को, मौहल्ला-पड़ोस को, समाज को, नाते-रिश्तेदारों को| जितने मुँह उतनी बातें| जम के जगहँसाई होगी| मन किरिच-किरिच हुआ जा रहा था| छोटे की जिद खातर पढ़ी-लिखी बहू ब्याहने पर पहले ही कितनी छीछालेदार  हुई थी उसकी| और अब कुआँ, वो भी छोरी जात का!
आपादमस्तक दुःख से त्रस्त, पसीने से तर-बतर मान-मनुहार की मन में दबाएजच्चाखाने में पैर पड़ते ही कानों में गर्म सीसा पिघल गया| 'ढोल बजवाऊँगी, नौ दिन नवरात्रे रखूँगी | दुर्गा,लक्ष्मी, सरस्वती की कृपा  बरसी है मेरी गोद में| कुआँ पूजूँगी  मै अपनी लाडो का|' बहू का चेहरा लकदक उजाले से उल्लसित हुआ जा रहा था| कोर-कोर से रौशनी के असंख्य पुंज फूट रहे थे, जिसके दृष्टिमात्र से ही सास के मन में सदियों से बैठी अमावस का अज्ञानी तिमिर सिर पे पैर रख के भाग उठा| उलटे पैरों आती वह ख़ुशी से चिल्लाई--कुएँ की तैयारी कर लो| मेरे घर दुर्गा आई है|
-----
प्रेस्टीज इश्यू
'ओफ्फोह ! करीने से रखिए फूलमालाएँ डेड बॉडी के पास| व्हाट! पुरानी चादर? हटाओ इसे| नई धुली, वेल प्रेस्ड बोम्बे डाइंग की बेडशीट्स बिछाओ |... विडियो कवरेज हो रही है| देखिए! आप सभी रिश्तेदार अपने कपड़े ठीक करें… और चेहरा कुछ मुस्काता हुआ...आई मीन…थोडा दुःख के साथ...बाकी ठीक है| साहब की माँ एक्सपायर हुई हैं | लगना चाहिए भई |' विडियोग्राफर  कवरेज के दौरान हिदायतें दे रहा था।
'अरे ये काली साड़ी!...नो..नो…सफ़ेद पहनिए|' मृतका की ग्रामीण चचेरी बहन को रोका उसने|
'पर सफ़ेद साड़ी तो...' वह झिझकी| 
'तो किराए पर ले लो|...बड़ी बात है| साहब के आफिस में, मित्रों में…हर जगह यह विडियो  दिखाई जाएगी| बॉस का प्रेस्टीज इश्यू है न|' विडियोग्राफर बोला |
-----

लेखिका परिचय
शोभा रस्तोगी  'शोभा'             चित्र:बलराम अग्रवाल
शिक्षा - एम. ए. [अंग्रेजी-हिंदी ], बी. एड. , शिक्षा विशारद, संगीत प्रभाकर [ तबला ]           
जन्म - 26 अक्तूबर 1968 ,  अलीगढ [ उ. प्र. ]
सम्प्रति - सरकारी विद्यालय दिल्ली  में अध्यापिका
पता - RZ-D.-- 208, B, डी.डी.ए. पार्क रोड, राज नगर - || पालम कालोनी, नई दिल्ली -110077.भारत 
प्रकाशित रचनाएँ.-- पंजाब केसरी, कादम्बिनी,कल्पान्त, राष्ट्र किंकर, हम सब साथ साथ, केपिटल रिपोर्टर,कथा संसार,  बहुजन विकास, न्यू ऑब्जर्वर पोस्ट, शैल सूत्र, जर्जर कश्ती,सुमन सागर आदि  में  लघुकथा, कविता, कहानी, लेख,समीक्षा आदि प्रकाशित| 'खिडकियों पर टंगे लोग' लघुकथा  संग्रह  में लघुकथाएं संकलित | आकाशवाणी भोपाल से लेख प्रसारित| आकाशवाणी नई दिल्ली से ब्रज भाषा मै कहानियां  प्रसारित|
 ओंन लाइन पोर्टल पर प्रकाशित --  सृजनगाथा.कॉम , लघुकथा.कॉम , साहित्याशिल्पी.कॉम , शब्दकार.कॉम , रचनाकार.कॉम, स्वर्गविभा.कोम, हिंदी चेतना[कनाडा] पर शेर , लघुकथा व कविता, समीक्षा  प्रकाशित|
सम्मान -युवा लघुकथाकार सम्मन2010, पंचवटी राष्ट्रभाषा सम्मान2011, नारायणी साहित्य सम्मान2012
ईमेल - shobharastogishobha@gmail.com